हार से हताश व निराश न हों कार्यकर्ता: इंद्रसैन
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व गंगोह विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी चौ. इंद्रसैन ने कहा कि कार्यकर्ता आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं ताकि लोकसभा चुनाव में सपा का परचम लहराया जा सके।
उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के लिए 24 घंटे तैयार हैं। हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में गंगोह विधानसभा सीट पर सपा के टिकट पर चुनाव लड़कर 93 हजार वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। चौ. इंद्रसैन ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता ने जो जनादेश दिया है, उसे वह हृदय से स्वीकार करते हैं। साथ ही जिन 93 हजार मतदाताओं ने उनका समर्थन कर उन पर विश्वास किया है। उसन सभी लोगों का मान-सम्मान अब मेरा मान-सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस हार से हताश व निराश होने की आवश्यकता नहीं है बल्कि आने वाले समय में और अधिक मजबूत होने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वह 24 घंटे अपने लोगों की सेवा के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सभी कार्यकर्ता व समर्थक कमर कस लें ताकि 2024 के लोकसभा चुनाव में जातिवादी व साम्प्रदायिक भाजपा को हराया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में सपा हाईकमान उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा उसे वह पूरी ईमानदारी के साथ निभाने का काम करेंगे।
