आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें कार्यकर्ता: भूपेंद्र

- सहारनपुर में पंचायत राज मंत्री का स्वागत करते भाजपाई।
सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश के पंचायत राजमंत्री चौ.भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक आ चुका है। इसलिए सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को चुनाव में अधिक मेहनत के लिए तैयार रहना चाहिए ताकि उत्तर प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनाई जा सके।
पंचायत राजमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह रामपुर मनिहारान विधानसभा के रामपुर देहात मंडल की कार्यसमिति शक्ति केंद्र प्रभारी व शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी समय कहीं पर भी बैठक बुला सकती है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को हर समय तैयार रहना चाहिए। हमें 24 घंटे पार्टी की सेवा में लगना है और प्रत्येक गांव व गली-मौहल्लों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनसम्पर्क अभियान चलाना है तथा जनता को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी देनी है। उन्होंने बताया कि चाहे शौचालय बनाने का काम हो, आवास योजना हो, उज्जवला योजना हो अथवा विद्युत कनैक्शन, भाजपा सरकारों ने सभी योजनाओं का लाभ आम जनता को दिलाने का काम किया है। साथ ही प्रदेश में सुरक्षा का माहौल भी बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से अधिक सीटें जिताकर सरकार बनाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम छोर व सबसे अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति का विकास जब तक नहीं होगा, तब तक भाजपा कार्यकर्ताओं को आराम करने की आवश्यकता नहीं है। हमें दिनरात मेहनत करके अपने लक्ष्य तक पहुंचना है और इस प्रदेश के गरीब से गरीब व्यक्ति को उसका हक दिलाना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा बिना किसी भेदभाव के सभी जाति व धर्म के लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया जा रहा है ताकि देश व प्रदेश का सर्वांगीण विकास किया जा सके। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी विपिन चौधरी, मंडल प्रभारी अनिल पुंडीर, मंडल अध्यक्ष विनोद चौधरी, मंडल महामंत्री देवीचंद, ऋषिपाल राणा सहित सभी शक्ति केंद्र प्रभारी व संयोजक मौजूद रहे।