अपने पद की गरिमा के अनुरूप कार्य करें पदाधिकारी: रूद्रसैन

अपने पद की गरिमा के अनुरूप कार्य करें पदाधिकारी: रूद्रसैन
  • सहारनपुर में सपा के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष सुहेल राणा को नियुक्ति पत्र सौंपते जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने पद की गरिमा के अनुरूप कार्य कर पार्टी को मजबूत बनाने का काम करें ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा के राष्ट्रीय यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके। सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन आज यहां अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष सुहेल राणा व हसीन कुरैशी को मनोनयन पत्र देने के बाद कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी में जिला उपाध्यक्ष का पद बहुत अहम् है। इसलिए सभी नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष अपने पद की गरिमा व महत्व को ध्यान में रखते हुए पार्टी को मजबूत बनाने में जीजान से जुट जाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोडऩे का काम करें ताकि मिशन 2022 में कामयाबी हासिल की जा सके। चौ. रूद्रसैन ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास का नारा देने वाली केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार केवल पूंजीपतियों के हितों का ध्यान रखने का काम कर रही है। देश में किसान व मजदूर परेशान है। केंद्र सरकार द्वारा लाया गया कृषि बिल किसानों को बर्बाद कर उन्हें खेतिहर मजदूर बनाने का काम करेगा।

उन्होंने कहा कि कृषि बिल में किए गए प्राविधान के अनुरूप देश का किसान किसी भी राज्य में अपनी फसल को बेच सकता है परंतु भाजपा सरकारों की किसान विरोधी नीति के चलते किसान अपना धान समर्थन मूल्य से बहुत कम दाम पर बेचने को मजबूर है। जबकि चीनी मिलों में गन्ना पेराई सत्र शुरू होने में चंद दिन शेष रह गए हैं। इसके बावजूद अभी तक किसानों का पिछले पेराई सत्र का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो पाया है। इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा किसानों की आरसी काटकर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने का काम किया जा रहा है जिसे सपा कार्यकर्ता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि जनपद में समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के कुशल नेतृत्व में बड़ी मजबूती के साथ काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य लेकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं ताकि जनपद व प्रदेश की जनता को भाजपा की जातिवादी व साम्प्रदायिक राजनीति से छुटकारा दिलाया जा सके। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश खटीक, जिला मीडिया प्रभारी राव वजाहत, नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष सुहेल राणा व हसीन कुरैशी, वेदपाल पटनी, महिला सभा की जिलाध्यक्ष महजबी खान, सोनू खडख़ड़ी, हनीफ तेली, राव लाखन, पोपली गुर्जर आदि कार्यकर्ता मौज्ूद रहे।