एफबीडी ट्रस्ट के तत्वावधान में महिलाएं करेंगी रक्तदान

- सहारनपुर में महिला रक्तदान शिविर की जानकारी देती एफबीडी ट्रस्ट की पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN] । फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से पहले दिन सात मार्च को उत्तर प्रदेश में पहली बार एक अनोखे रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा जिसमें केवल महिलाएं की रक्तदान करेंगी। फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के स्टॉप थैलासीमिया प्रोजेक्ट इंचार्ज डा. नीता यादव आज यहां कोर्ट रोड स्थित एक होटल के सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रही थी।
उन्होंने कहा कि अधिकतर देखा जाता है कि महिलाएं पारिवारिक कार्यों में इतना व्यस्त हो जाती हैं कि वह अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाती। यही कारण है कि अधिकतर महिलाओं में रक्त की कमी होने के कारण एनीमिक हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा पिछले दस दिनों से सोशल मीडिया आदि के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है जिससे महिलाओं के अंदर हिमोग्लोबिन की मात्रा 12.5 से अधिक हो जाए और वे रक्तदान कर सकें।
उन्होंने कहा कि रक्तदान से ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। कैलोरी खर्च होने से शरीर की चर्बी घटती है। शरीर में कोलेस्ट्रोल की मात्रा घटती है तथा रक्तदान से नई कोशिकाओं का सृजन होता है और नियमित अंतराल में रक्तदान से शरीर में आयरन की मात्रा भी संतुलित रहती है।ब्लड मोटिवेटर नीरू सिंह व सोनिया कपूर ने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं। देश-दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रही हैं। फिर क्या कारण है कि वे रक्तदान करने से चूक जाती हैं। अब महिलाएं इस धारणा को बदलेंगी कि वे रक्तदान नहीं कर सकती। रक्तदान करेंगी तथा एक नया इतिहास रचेंगी।
आचार्य अनीता शर्मा व मंजू अरोड़ा ने कहा कि रक्तदान शिविर का आयोजन महिलाओं द्वारा ही किया जा रहा है। हमारे लिए गौरव की बात है कि उत्तर प्रदेश में पहली बार एक अनोखा आयोजन हमारे जनपद सहारनपुर में हो रहा है। अब महिलाओं में रक्तदान को लेकर खास क्रेज बढ़ रहा है। यही कारण है कि बहुत सी महिलाएं इस आयोजन में भागेदारी करने को लालायित हैं तथा रक्तदान भी करेंगी।
उन्होंने कहा कि हम महिलाओं से आह्वान करते हैं कि रक्तदान से होने वाले लाभों का प्रचार-प्रसार कर जनजागरण के माध्यम से रक्त की कमी को दूर करने में सहयोग प्रदान कर सकें। वार्ता के दौरान ट्रस्ट के संरक्षक स. चंद्रजीत सिंह निक्कू, पंकज पांचाल, तरूण भोला भी मौजूद रहे।