हैदराबाद एनकाउंटर: पुलिसकर्मियों पर महिलाओं ने बरसाए फूल, बांधी राखी
हैदराबाद में पशु चिकित्सक के साथ हैवानियत करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। तेलंगाना पुलिस के अनुसार आरोपियों को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्ट करने के लिए ले जाया गया था। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उनपर गोलियां चला दीं। इस मुठभेड़ में चारों आरोपियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले पर लगातार प्रतिक्रियाएं और अपडेट आ रहे हैं।
जानिए किसने क्या कहा और अबतक का अपडेट —
-महिलाओं ने पुलिसकर्मियों का मुंह मीठा करवाया।
– हैदराबाद: घटनास्थल पर जुटे लोग पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाते दिखे।
हैदराबाद: पीड़ित डॉक्टर के पड़ोसियों ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी
रामदेव ने किया समर्थन, विरोध में मेनका
बाबा रामदेव ने कहा कि बलात्कारी और आतंकवादियों के खिलाफ पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों को ऐसी ही कार्रवाई करनी चाहिए। ऑन द स्पॉट फैसला होना चाहिए। इस तरह के खूंखार अपराधियों के साथ ऐसा ही सलूक होना चाहिए।
इस घटना पर भाजपा सांसद मेनका गांधी ने कहा कि जो हुआ खतरनाक है, हमारे देश में कानून है, अदालत है, तो आप पहले से बंदूक क्यों चला रहे हैं। क्या बंदूक लेकर लोगों को मार देंगे। किसी केस में देरी हो रही है तो क्या बंदूक चला देंगे। वो निहत्थे थे, जेल से लाए गए थे, आपने उनको बंदूक से मार दिया।