स्वावलम्बी व आत्मनिर्भर बनें महिलाएं: नीरपाल

स्वावलम्बी व आत्मनिर्भर बनें महिलाएं: नीरपाल
  • सहारनपुर में सिलाई कढ़ाइ व कम्प्यूटर सैंटर का उद्घाटन करते चौ. नीरपाल सिंह।

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि महिलाएं स्वावलम्बी व आत्मनिर्भर बनें। इसके लिए उनको सिलाई, कढ़ाई व कम्प्यूटर सीखने की जरूरत है। रालोद खेलकूद प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह आज यहां खाताखेड़ी में नूरबानो द्वारा संचालित सिलाई-कढ़ाई व कम्प्यूटर सैंटर के उद्घाटन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के सहयोग से प्रदेश के प्रत्येक जिले में सिलाई, कढ़ाई व कम्प्यूटर सैंटर खोले जाएंगे जिसके तहत गरीब महिलाओं के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक सैंटर पर शुरू में दो सिलाई मशीन व कम्प्यूटर मुहैया कराया जाएगा।

नीरपाल सिंह ने कहा कि बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ व बेटी बढ़ाओ के लिए रालोद पहल करेगा जिससे बेटी शादी से पहले भी, शादी के बाद भी आत्मनिर्भर बने। अपने रोजगार के लिए ब्यूटिक खोले, स्वयं को कमजोर न समझे जिसके लिए प्रत्येक जिले में महिला प्रभारी को भी नियुक्त किया जाएगा। उनके द्वारा सहयोग के साथ-साथ प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। महिला जिला प्रभारी आरती शर्मा ने कहा कि रालोद खेल प्रकोष्ठ की पहल की जितनी तारीफ की जाए वह कम है। मानवता के तौर पर यह सराहनीय कदम है जिससे महिलाओं को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। इस दौरान नूर बानो नाजरीन, सलमा, जुबैदा, गुलफशा, रजनी, सुमन, किशा, नेहा, सुरभि, अरविंद मलिक, उपेंद्र कुमार, सतीश कुमार, विवेक तोमर, मौ. शहजाद आदि मौजूद रहे।