आशाराम बापू की रिहाई की मांग को लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन

आशाराम बापू की रिहाई की मांग को लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन
  • सहारनपुर में आशाराम बापू की रिहाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपती महिलाएं।

सहारनपुर [24CN]। महिला उत्थान मंडल के बैनर तले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपकर आशाराम बापू को ससम्मान रिहा कराए जाने की मांग की।

महिला उत्थान मंडल से जुड़ी सैंकड़ों महिलाएं एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची जहां उन्होंने आशाराम बापू को झूठे मामले में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि सरकार द्वारा नारियों की सुरक्षा एवं स्वतंत्रता के लिए सशक्त कानून बनाए गए हैं, परंतु इसका यह तात्पर्य नहीं है कि निर्दोष लोगों को इन कानूनों का शिकार बनाया जाए। इसलिए न्यायिक दृष्टि से इन कानूनों पर पुनर्विचार कर इन्हें संशोधित किया जाना चाहिए।

उनका कहना था कि वर्तमान कानूनों के प्राविधानों का दुरूपयोग कर किसी एक स्त्री द्वारा मिथ्या आरोप लगाने से न केवल एक पुरूष प्रताडि़त होता है बल्कि उस पुरूष से जुड़ी मां-बहन, पत्नी व बेटी सहित अनेक महिलाएं भी उसका शिकार बनती हैं। उनका पारिवारिक, आर्थिक व सामाजिक जीवन तहस-नहस हो जाता है। ऐसे कई दृष्टांत हमारे सामने आते रहते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों का दुरूपयोग रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने के साथ-साथ आशाराम बापू को ससम्मान रिहा कराए जाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों में मिथलेश, कंचन, रामदुलारी, मिनाक्षी, रीना, किरण, ममता, संतोष, मंजू, उषा, मधु सहित भारी संख्या में महिलाएं शामिल रही।