सशक्त समाज के महिलाएं पूर्वाग्रहों से बाहर आकर काम करें

सशक्त समाज के महिलाएं पूर्वाग्रहों से बाहर आकर काम करें
  • सहारनपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डॉ. नूतन उपाध्याय को सम्मानित करती एडीएम प्रशासन डॉ.अर्चना द्विवदी, डीडी मंडी रिंकी जायसवाल व एसडीएम संगीता राघव।

सहारनपुर [24CN]। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह के निर्देश पर नगर निगम द्वारा आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘ब्रेक दा बॉयसÓ थीम पर एक महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते महिला वक्ताओं ने कहा कि पूर्वाग्रहों से बाहर आकर महिलाओं को अपने और समाज के लिए काम करना होगा तभी एक सशक्त समाज और शक्तिशाली राष्ट्र की कल्पना हम कर सकते है। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली अनेक महिलाओं को प्रशस्ति पत्र व सम्मान चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। पार्षद मोनिका सिंह, रेखा रोहिला, समाज सेविका संगीता शर्मा, रुही अंजुम, खनीजा, अनु बजाज, शीतल आदि ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी ने कहा कि पुरुष और स्त्री दोनों एक दूसरे के पूरक है, इसलिए हमें सबको साथ लेकर चलना है। उन्होंने महिलाओं से सभी क्षेत्रों में अपनी भागेदारी और बढ़ाने का आह्वान किया। उपनिदेशक मंडी रिंकी जायसवाल ने कहा कि महिलाओं का विकास समाज के विकास का रास्ता खोलता है। उन्होंने महिलाओं से पूर्वाग्रहों से बाहर आकर शिक्षा व खेल के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में आगे आने की अपील की। एसडीएम संगीता राघव ने कहा कि महिलाएं घर परिवार से लेकर समाज के लिए जो काम करती है वह एक साधना ही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी इस साधना और विचारों में संतुलन बनाकर चलने के साथ अपने दृष्टिकोण को विस्तृत रखना होगा।

अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने कहा कि कोई भी भेदभाव घर से शुरु होता है, अत: जरुरी है कि हम घर में बेटा बेटी में भेदभाव न करें, आज बेटियां भी बेटो से अधिक मां बाप और देश का नाम रोशन कर रही हैं। डॉ.नूतन उपाध्याय ने महिलाओं को अनेक बीमारियों से बचने और बालिकाओं को स्वस्थ रखने के टिप्स दिए। इसके अतिरिक्त सम्मानित की गयी सभी महिलाओं ने संबोधित किया। निगम की ओर से उक्त तीनों महिला अधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। स्वच्छता मिशन की जिला समन्वयक जसलीन कौर ने महिलाओं को सिटीजन फीडबैक की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक फीडबैक कराने पर बल दिया। नीना धींगड़ा ने सभी अतिथियों का आभार जताया।

संचालन डॉ. वीरेन्द्र आजम ने किया। कार्यक्रम में पार्षद भूरासिंह प्रजापति, मनोज जैन, मंसूर बदर, मुकेश गक्खड़ व लेखाधिकारी राजीव कुशवाह आदि के अलावा बड़ी सख्या में महिलाएं मौजूद रही।