महिला शक्ति वंदन अधिनियम पारित पर महिलाओं ने जताई खुशी

- सहारनपुर में महिला आरक्षण बिल पारित होने पर खुशी मनाती भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी।
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने पर खुशी मनाई तथा एक दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। भाजपा की महिला मोर्चा कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष आरती शर्मा के नेतृत्व में दिल्ली रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर एकत्र हुई तथा संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने पर जमकर खुशी मनाई।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष आरती शर्मा ने कहा कि आज नए संसद भवन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हो गया है जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 2014 में देश की बागडोर संभालने के बाद से ही महिला आरक्षण बिल पास कराने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा जितना मान-सम्मान महिलाओं को दिया गया है, आज से पहले किसी अन्य सरकार ने नहीं दिया है। चाहे विधानसभा हो, राज्यसभा या लोकसभा। हर सदन में अन्य की तुलना में भाजपा की महिला प्रतिनिधियों की संख्या सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं।
इस दौरान भाजपा अनुसूचित मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री मोनिका सिंह, महामंत्री कंचन धवन, सारिका गुप्ता, प्रवीण, विनीता, मीडिया प्रभारी हरप्रीत कौर, दुर्गा सागर, कविता, सीमा, नर्मदा रस्तोगी, रजनी कक्कड़, सोनिया, सुमन, मनु नरूला, निशा त्यागी, पारूल आदि मौजूद रही।