यमुना नदी में डूबी महिला का शव बरामद, बेटे की तलाश जारी
मिर्जापुर। थाना मिर्जापुर क्षेत्रांतर्गत गांव छज्जा के समीप बह रही यमुना नदी में अपने बेटे के साथ चारा लेकर लौट रही महिला का शव पुलिस ने बरामद कर लिया। जबकि यमुना नदी में डूबे उसके बेटे की तलाश जारी है। पुलिस ने मृतका के शव का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरतलब है कि थाना मिर्जापुर क्षेत्रांतर्गत गांव छज्जा निवासी सतीश कुमार की पत्नी निर्देशों अपने 11 वर्षीय बेटे सौरभ के साथ हरियाणा की ओर से यमुना नदी को पार कर पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रही थी। इसी दौरान यमुना नदी के पानी के तेज बहाव की चपेट में आए सौरभ को बचाने के प्रयास में निर्देशों भी डूब गई थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आज यमुना नदी में डूबी निर्देशों का शव कोठड़ा घाट के पास से बरामद कर लिया। जबकि यमुना नदी में डूबे उसके बेटे सौरभ की तलाश जारी है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हथिनीकुंड चौकी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि यमुना नदी में डूबी महिला का शव बरामद कर लिया गया है। जबकि उसके बेटे की तलाश जारी है।
