‘टीएमसी के किसी अत्याचारी को छोड़ेंगे नहीं, चुन-चुनकर हिसाब लेंगे’; कोलकाता में पीएम मोदी की हुंकार
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीखों के एलान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में एक विशाल रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर जमकर हमला बोला।
पीएम मोदी ने कहा कि आपका ये उत्साह, जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, ये ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी।
उसका नतीजा ये हुआ कि अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज एक बार फिर ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है।
बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा, अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा। इसलिए बंगाल के हर कोने से आवाज उठ रही है – चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार!
असली चोर कौन है, बंगाल की जनता जानती है- पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि कल TMC ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को चोर कहकर गाली दी है। असली चोर कौन है, ये बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है। अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है। टीएमसी के किसी अत्याचारी को नहीं छोड़ेंगे। चुन-चुन कर हिसाब लेंगे।
