पत्नी उषा और बच्चों संग ताजमहल पहुंचे अमेरिकी उप राष्ट्रपति, स्वागत के लिए आए सीएम

आगरा। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पत्नी और बच्चों के साथ बुधवार सुबह 9.40 बजे आगरा वायुसेना स्टेशन पर एयरफोर्स टू विमान से पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट पर मयूर नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अब वे परिवार के साथ बीस्ट कार से ताजमहल के लिए जाएंगे।
शिल्पग्राम तक वे कार से पहुंचेंगे। यहां से बैटरी कार से ताजमहल पूर्वी गेट तक पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से ताजमहल तक के रूट को सजाया गया है। रास्ते में उनके स्वागत को स्कूल के बच्चे खड़े हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति ताजमहल में एक घंटे से अधिक समय तक रुकेंगे। 11.35 बजे बेंस का परिवार सहित वापस जाने का कार्यक्रम है।
ताजमहल में चलेंगे फव्वारे
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कुछ ही देर में अपने परिवार के साथ ताजमहल निहारेंगे। बुधवार सुबह से उनकी विजिट पूरी होने तक ताजमहल पर्यटकों के लिए बंद है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति की विजिट में ताजमहल के वाटर चैनल में लगे फव्वारे भी चलेंगे। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने वाटर चैनल की सफाई कराई है। उद्यान में रायल गेट के समीप से सेंट्रल टैंक होते हुए चमेली फर्श के पास तक लगे फव्वारे आमतौर पर बंद रहते हैं। इन्हें वीआइपी विजिट के समय ही चलाया जाता है।
जन्नत के कांसेप्ट पर विकसित हैं फव्वारे
नए सिरे से विकसित किए
ब्रिटिश काल में लार्ड कर्जन के समय ताजमहल के उद्यान को नए सिरे से विकसित करने के साथ ही ऊंचा किया गया था। इससे मुगलकालीन फव्वारे नीचे दब गए थे। वर्तमान में जो फव्वारे लगे हैं, वह ब्रिटिश काल के हैं। यह मोटर से चलते हैं। यह फव्वारे आमतौर पर बंद रखे जाते हैं, विशेष अवसरों पर ही इन्हें चलाया जाता है। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि ताजमहल में वाटर चैनल की सफाई व पुताई कराई गई है। फव्वारे वर्तमान में मोटर से संचालित होते हैं।
पहनने होंगे शू-कवर
ताजमहल में मुख्य मकबरे पर जाने से पूर्व पर्यटकों को जूता-चप्पल के ऊपर शू-कवर डिस्पेंसर पहनना अनिवार्य है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति को भी शू-कवर पहनने होंगे। एएसआइ इसके लिए शू-कवर डिस्पेंसर लगवाएगा।
शिल्पग्राम से ताजमहल तक बैटरी कार से सफर
अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनके परिवार को शिल्पग्राम परिसर से ताजमहल के रायल गेट तक बैटरी कार से सफर करना होगा। विंटेज लुक की लाल रंग की फाइव सीटर बैटरी कार समेत अन्य बैटरी कार आरक्षित रहेंगी। टिकट विंडो भी रहेंगी बंद बुधवार सुबह पर्यटकों के लिए ताजमहल के साथ ही टिकट विंडो भी बंद रहेंगी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति के जाने के बाद ही टिकट विंडो और ताजमहल पर्यटकों के लिए खोली जाएंगी।