नोएडा में मजदूरों ने क्यों किया उग्र प्रदर्शन? सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बताई वजह

नोएडा में मजदूरों ने क्यों किया उग्र प्रदर्शन? सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बताई वजह

नोएडा में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र रूप लेता जा रहा है. इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने टिप्पणी की है.

सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने लिखा कि नोएडा में वेतन बढ़ाने को लेकर उग्र हुए आंदोलन का कारण भाजपा सरकार की वो एकतरफ़ा नीति है जो पूंजीपतियों का पोषण करती है लेकिन सामान्य काम करनेवाले कर्मचारियों और वेतनभोगी श्रमिकों-मज़दूरों का शोषण. भाजपाई चंदादायी पूँजीपतियों के एटीएम में तो पैसे भरते जा रहे हैं, लेकिन श्रमिकों-मज़दूरों के वेतन के लिए इनके एटीएम खाली हैं. बेतहाशा महंगाई के इस दौर में कम वेतन में घर चलाना कितना मुश्किल है, ये एक परिवारवाला ही समझ सकता है. वेतनभोगी कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!

सेक्टर 59 और 60 में प्रदर्शन

उधर, सेक्टर 59 और 60 में भी कर्मचारियों ने काम छोड़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जहां आक्रोशित भीड़ ने दो कारों के शीशे तोड़ दिए और दो बाइकों में आग लगा दी. हालात को नियंत्रण में रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ PAC और RAF को तैनात किया गया है.

सेक्टर 62 में भी श्रमिकों का प्रदर्शन जारी है, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जबकि पुलिस स्थिति को शांत कराने में जुटी है. बिगड़ती स्थिति के बीच कुछ श्रमिक अपने गांव लौटने लगे हैं, उनका कहना है कि मौजूदा हालात में यहां रुकना सुरक्षित नहीं है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश

इन सबके बीच लखनऊ में श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय, सुरक्षित कार्य वातावरण और सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने कहा कि सभी औद्योगिक इकाइयां श्रम कानूनों का अक्षरशः पालन करें और श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए. सीएम ने सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को अगले 24 घंटे के भीतर उद्योग संगठनों, प्रतिनिधियों और इकाई प्रबंधन से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए.

सीएम ने श्रम विभाग को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर औद्योगिक इकाइयों से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया. सीएम ने यह भी चेतावनी दी कि श्रमिकों के नाम पर माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए और औद्योगिक क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाए. उन्होंने अधिकारियों को देश में कमजोर पड़ चुके नक्सलवाद को फिर से जीवित करने की किसी भी साजिश के प्रति सतर्क रहने और भड़काऊ गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए.


Leave a Reply