राष्ट्रीय किसान किसनों का हुआ सम्मान
देवबंद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय (शिवचौक शाखा) की ओर से राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर अलीपुरा गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें किसानों का सम्मान किया गया।
मंगलवार को हुए कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी पारुल ने किसानों को नशामुक्ति और तनावमुक्त जीवन के लिए राजयोग ध्यान को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज का नाश कर रहा है, जबकि राजयोग के माध्यम से मन को ईश्वर से जोड़कर व्यक्ति नशे से भी मुक्त हो सकता है और मानसिक शांति भी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने शाश्वत योगिक खेती पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हमारे शुद्ध संकल्प और सकारात्मक वाइब्रेशन खेती व फसलों को भी प्रभावित करते हैं, यदि बीज को परमात्मा की याद और पवित्र भावनाओं के साथ बोया जाए तो उससे न केवल अच्छी गुणवत्ता की फसल उत्पन्न होती है बल्कि जीवन की फसल भी गुणवान बनती है। बिजनौर से आए प्रसिद्ध जैविक खेती प्रेमी राहुल जावन ने कहा कि यदि आने वाले पांच वर्षों में जैविक खेती को नहीं अपनाया गया तो भूमि बंजर हो सकती है। उन्होंने किसानों को घर में उपलब्ध गोबर, दूध, पत्तों आदि से जैविक खाद एवं देसी दवाइयां बनाने की विधियां बताईं। कार्यक्रम को किसानों को सम्मानित किया गया। संचालन ब्रह्माकुमार अरविंद ने किया। इस मौके पर गिरधारी लाल शर्मा, यशपाल प्रधान, मदन, अंकुर, अनुज, वीरेंद्र, मोंटी, भारत सिंह, रफल सिंह, सुरेंद्र, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।
