गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमत तो अखिलेश यादव ने बीजेपी को लिया आड़े हाथ
देशभर में शनिवार (7 मार्च) से गैस से सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं. भारत में एलपीजी सिलेंडर अब महंगा हो गया है. ऐसे में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. इस बीच विपक्ष ने सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया है. फिलहाल इस बढ़ती महंगाई को देखते हुए राजनीतिक दलों की तरफ से भी प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई हैं. ऐसे में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई. अखिलेश का यह बयान गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के ठीक बाद में आया है.
सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी
अब देशभर में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये तक पहुंच गई है. सूत्रों के अनुसार, नई दर 7 मार्च से लागू हो चुकी हैं. वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 1883 रुपये में मिलेगा. सिलेंडर की कीमतों में यह नया बदलाव अप्रैल 2025 की कीमतों के बाद हुआ है.
कंपनियों ने गैस आपूर्ती घटाने की बनाई योजना
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आयात होने वाली तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल इंडिया लिमिटेड ने कुछ ग्राहकों को गैस आपूर्ति घटाने की योजना बनाई है. गेल इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके एलएनजी आपूर्तिकर्ता ने ‘अपरिहार्य स्थिति’ नोटिस जारी किया है.
इस नोटिस के जरिए अनुबंध में असाधारण एवं नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों के कारण दायित्व पूरा न कर पाने की आधिकारिक सूचना दी गई है. बता दें कि भारत में गैस के दामों में बढ़ोतरी की वजह ईरान द्वारा हॉर्मूज जलडमरूमध्य बंद कर दिया गया. जिससे युद्ध के बीच अब इसका असर दुनियाभर के देशों में देखने को मिल रहा है.
