‘जब बीजेपी अपने दरवाजे बंद…’, 2027 चुनाव में सपा के साथ जाने के सवाल पर संजय निषाद का चौंकाने वाला बयान
उत्तर प्रदेश के मत्स्य विकास मंत्री संजय निषाद ने रविवार को साल 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के अभियान का बिगुल बजाते हुए रैली का नेतृत्व किया और बाद में महंत दिग्विजयनाथ पार्क में निषाद पार्टी के राज्य सम्मेलन को संबोधित किया. कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हमारी और बीजेपी की दोस्ती है और अब बीजेपी को अपनी दोस्ती साबित करनी चाहिए.
उन्होंने ये भी कहा कि बीजेपी बड़े बड़े काम कर रही है और जब भाजपा अपने दरवाजे बंद करेगी तब ही कुछ होगा लेकिन हम तब तक बीजेपी के साथ हैं. यूपी के मंत्री संजय निषाद ने आगे कहा, “मैं समाजवादी पार्टी के साथ था, उन्होंने मेरे लिए दरवाजा बंद कर दिया. आरक्षण का मुद्दा हमारी पार्टी का मुद्दा है. बीजेपी बहुत अच्छा काम किया है. प्रधानमंत्री मोदी सम्मान दे रहे हैं, वे हमारे लोगों को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए काम कर रहे हैं.”
‘हम 2019 से बीजेपी को जिता रहे’
उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी बीजेपी के साथ है. हमने पहले भी कहा था कि जब सबने साथ छोड़ दिया था, तब भी हम बीजेपी के साथ थे. हम 2019 से बीजेपी को जिताते आ रहे हैं. बीजेपी को इस बारे में सोचना चाहिए.”
‘केंद्र और राज्य सरकार के साथ बातचीत जारी’
संजय निषाद ने कहा कि पार्टी आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार के साथ बातचीत कर रही है. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस मांग को पूरा करने के प्रति गंभीर हैं. उन्होंने मांग की कि ओबीसी श्रेणी से नौ प्रतिशत आरक्षण कोटे को काटकर उसे अनुसूचित जातियों को हस्तांतरित किया जाए ताकि समुदाय के लिए शिक्षा और नौकरियों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो सके.
सपा-बसपा पर लगाया आरोप
संजय निषाद ने पिछली सरकारों पर समुदाय की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) ने उन्हें शिक्षा से वंचित रखा, जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा)ने उनकी आजीविका को प्रभावित किया. उन्होंने अतीत में इस मुद्दे को उलझाने के लिए कांग्रेस को भी दोषी ठहराया.
