राघव चड्ढा को राज्यसभा उपनेता के पद से हटाने पर संजय सिंह की पहली प्रतिक्रिया, ‘जो भी…’
राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा उपनेता के पद से हटा दिया. उनकी जगह पार्टी ने अशोक मित्तल को इस पद की जिम्मेदारी दी है. पार्टी के इस फैसले पर संजय सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है. जब मीडिया ने संजय सिंह से इसको लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि जो भी बताना था वो राज्यसभा सचिवालय बता दिया है. राज्यसभा सचिवालय को पार्टी का जो फैसला था उससे अवगत करा दिया गया है.
आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को लिखे पत्र में इस बात का जिक्र किया है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए. इसके साथ ही AAP ने राज्यसभा सचिवालय से आग्रह किया है कि सांसद राघव चड्ढा की जगह सांसद अशोक कुमार मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का डिप्टी लीडर नियुक्त किया जाए.
सांसद अशोक मित्तल ने क्या कहा?
अशोक कुमार मित्तल ने इस बदलाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”पार्टी में बदलाव एक निरंतर प्रक्रिया है. पहले एनडी गुप्ता उपनेता थे, फिर राघव जी ने पदभार संभाला और अब मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है. कल किसी और को यह मौका मिल सकता है. पार्टी चाहती है कि हर सांसद और नेता अलग-अलग भूमिकाओं से सीखे और अनुभव प्राप्त करे.” वहीं, राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने की अटकलें को मित्तल ने अफवाह करार दिया है.
क्या राघव चड्ढा छोड़ेंगे AAP का साथ?
राघव चड्ढा को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो आम आदमी पार्टी का साथ छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. पंजाब में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं. कथित शराब घोटाले में AAP के कई बड़े नेताओं के रिहा होने के बाद राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी. इसके बाद से इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि चड्ढा आम आदमी पार्टी से नाराज हैं और पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी बदल सकते हैं.
