Weather Updates: उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में जारी रहेगी शीतलहर,आज दिल्ली में 5 डिग्री तापमान दर्ज

नई दिल्ली : देश के कई हिस्सों में ठंड दिसंबर के अंत तक आते-आते बढ़ चुकी है। पिछले कुछ दिनों से मैदानी और पहाड़ी इलाकों में तापमान के गिरावट के साथ ही शीतलहर चल रही है, जिसके चलते ठंड में और इजाफा हुआ है। फिलहाल आने वाले कुछ दिनों में इस शीतलहर से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-यूपी सहित कुछ राज्यों में शीतलहर जारी रहेगी, जिससे आगे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
आज राजधानी दिल्ली में 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। पिछले दिनों की अपेक्षा आज का तापमान 2 डिग्री ज्यादा, जिसके चलते लोगों को मामूली राहत महसूस हुई है। इससे पहले दिल्ली-एनसीआर में 3.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान ने सर्दी के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली में रह रहे लोगों का कहना है कि पिछले साल की अपेक्षा इस साल ज्यादा ठंड है, जिसके चलते सुबह-सुबह काम करने में परेशानी आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी राज्यों में ठंड जो सितम ढा रही है, उसकी मुख्य वजह पहाड़ों पर भारी बर्फबारी है।
आइएमडी (IMD)ने अपने पूर्वानुमान में बताया था कि 17-24 दिसंबर और 24-30 दिसंबर के पूर्वानुमान को लेकर कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य एवं पूर्वी भारत के अधिकतर भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे रह सकता है।