नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों का तापमान बढ़ा हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि अगले कुछ दिनों तक भारत के उत्तर-पूर्वी हिस्सों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश जारी रहेगी। इसके साथ ही देश के अन्य हिस्सों में गरमी अपने चरम पर रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य और इससे सटे पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर लू की स्थिति की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले एक-दो दिन से दिल्ली और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति रही है। मध्य प्रदेश के नौगांव में पारा 47 डिग्री सेल्सियस को छू गया, जबकि मध्य और उत्तर पश्चिम भारत के कम से कम सोलह शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक दर्ज किया गया। दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली में मुंगेशपुर वेधशाला में 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आइएमडी ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।

jagran

अगले पांच दिनों तक देश के इन हिस्सों में होगी झमाझम बारिश

वहीं, दूसरी ओर मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइएमडी द्वारा अगले 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज के साथ बारिश होने का है अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 8 से 10 जून के दौरान मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बिहार के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले 5 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

कर्नाटक, केरल, माहे में गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में में भी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आइएमडी ने तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

jagran

देश के इन हिस्सों में चलेगी भीषण लू, जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा-दिल्ली और उत्तराखंड में 9 जून तक लू चलने की संभावना जताई है। 8 जून तक ओडिशा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए भी इसी तरह की स्थिति की भविष्यवाणी की गई है। जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, उत्तरी झारखंड और विदर्भ में मंगलवार तक भीषण लू चलने की संभावना है।पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी लू की भविष्यवाणी की गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि अगले 5 दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।