नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आंधी तथा बारिश आने से भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला है। आसमान में बुधवार सुबह से बादल छाए हुए है। इस हफ्ते उत्तराखंड, मेघालय, केरल, असम समेत कई अन्य राज्य में बारिश होगी। आइएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंच चुका है।

दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली-एनसीआर में आंधी चलने के साथ हल्‍की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। बता दें कि दिल्‍ली के लिए वीकेंड इस सीजन में सबसे गर्म रहा है। राष्ट्रीय राजधानी के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही बुधवार सुबह के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, अभी भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक दर्ज है। मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने और आंधी चलने का अनुमान जताया है, जिससे तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

जम्मू-कश्मीर में आज मौसम सामान्य रहेगा

जम्मू कश्मीर में पिछले सप्ताह के मुकाबले मौसम राहत भरा रहेगा। मंगलवार देर शाम धूल भरी आंधी और बारिश के बाद बुधवार को तापमान सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग अनुसार शनिवार और रविवार को बारिश के आसार है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर बुधवार को बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी है। गर्मी से राहत मिल सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। प्रदेश में दो दिन से कई स्थानों पर हुई बारिश के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।

उत्तराखंड में आंधी-बारिश को लेकर यलो अलर्ट

उत्तराखंड में आज बुधवार को पहाड़ों में बारिश व ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश-ओलावृष्टि होने और मैदानों में अंधड़ चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अंधड़ को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।

दक्षिण पश्चिम मानसून अभी कहां है

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून के अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, पूरे अंडमान सागर और अंडमान द्वीप समूह और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मध्य पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ हल्की, मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

27 मई से दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत केरल से हो जायेगी

मौसम विभाग की मानें तो, 27 मई से दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत केरल से हो जायेगी। मौसम विभाग ने कहा कि अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और आसपास के इलाकों में दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के मजबूत होने के कारण बारिश हो रही है। आइएमडी ने एक बयान में कहा, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, पूरे अंडमान द्वीप समूह के अलावा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।