Weather Update: इंतजार की घड़ी खत्म, पश्चिमी यूपी में आज दस्तक देगा मानसून

तेजी से बढ़ रहे मानसून के आज दिल्ली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दस्तक देने के आसार हैं। पूर्व में ही मौसम वैज्ञानिक बुधवार तक मानसून आने के संकेत दे चुके हैं। मानसून के दस्तक देने के बाद दिल्ली समेत एनसीआर क्षेत्र में बारिश होने से लोगों को उमस व तापमान में गिरावट के चलते गर्मी से राहत मिलेगी।

पिछले कई दिनों से मौसम वैज्ञानिकों के साथ लोगों व किसानों को मानसून एक्सप्रेस का इंतजार था। कुछ ही घंटों बाद यह इंतजार खत्म होने को है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बुधवार को मानसून दिल्ली समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दस्तक देगा और पूरे क्षेत्र को कवर करने के बाद उत्तराखंड की ओर बढ़ जाएगा

मानसून की बारिश से पहले भी मौसम वैज्ञानिक बारिश की संभावना जता चुके हैं। दो दिन पहले हुई बारिश से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। तापमान में गिरावट आने के साथ-साथ उमस भरी गर्मी से भी छुटकारा मिला है। मंगलवार को सुबह से ही आसमान में धूप के साथ बादल छाए रहे और हवा में ठंडक बनी रहने से लोगों को गर्मी का कम एहसास हुआ।

प्री-मानसून बारिश व अब मानसून के दस्तक देने से मौसम में और भी बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम कार्यालय पर मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 74 व न्यूनतम 61 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा दो किमी से चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मेरठ का औसत एक्यूआई  69 दर्ज किया गया।

बुधवार से मानसून के दिल्ली समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दस्तक देने के आसार हैं। मानसून की बारिश होने से उमस व बढ़ते तापमान से राहत मिलेगी। 48 घंटे में मानसून दिल्ली समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कवर कर उत्तराखंड की ओर बढ़ जाएगा। – डा. एन सुभाष, मौसम वैज्ञानिक, आईआईएफएसआर

Download Amar Ujala App for Breaking News in Hindi & Live Updates. https://www.amarujala.com/channels/downloads?tm_source=text_share

 


विडियों समाचार