देश में मौसम का बदला मिजाज: दिल्ली में यलो अलर्ट, पूर्वोत्तर में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, यूपी-बिहार में भी बरसेंगे बादल

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली में आज यलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। इस बीच यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर में बाढ़ का कहर, राहत के इंतजार में लोग
मणिपुर, असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और इंफाल घाटी में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भर गया है, जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और कई स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का सिलसिला इन इलाकों में जारी रहेगा, जिससे राहत की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।
दिल्ली में यलो अलर्ट, तेज हवा और बारिश की चेतावनी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर हल्की से तेज बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
यह स्थिति 6 जून तक बनी रह सकती है, जिसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है और राजधानी वासियों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
बिहार, झारखंड और बंगाल में भी हल्की बारिश का अनुमान
पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश का असर दिखाई देगा। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 4 से 7 जून के बीच बारिश के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चल सकती हैं।
उत्तराखंड में भी बिजली-बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में भी मौसम करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने 6 जून तक राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।