नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की शुरुआत भी रिमझिम बारिश के साथ हो गई है।  भारतीय मौसम विभाग ने आज जारी किए गए अपने पूर्वानुमान में बताया है कि दिल्ली के कई स्थानों  और आसपास के क्षेत्रों में  गरज के साथ बारिश होगी।  दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में  बहुत भारी बारिश होगी। वहीं दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत, खरखोदा में भी बारिश होगी। गुरुवार देर रात भी दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। गुरुवार को भारतीय मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। साथ ही अगले एक-दो दिन तक दिल्ली में भारी बारिश की संभावना जताई थी।

उत्तराखंड में बारिश का येलो अलर्ट 

उत्तराखंड में 6 सितंबर तक बारिश का येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 6 तारीख के बाद भी प्रदेश में बारिश हो सकती है। शुक्रवार को भी राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और तीव्र बारिश हो सकती है। अगस्त में मानसून की बारिश में 26 फीसद की कमी दर्ज की गई वहीं सितंबर की शुरुआत से ही भारी बारिश हो रही है। सितंबर में अभी औश्र तेज बारिश के आसार हैं।

इन इलाकों में भी हो सकती है बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि अंडमान निकोबार द्वीप समूहों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलावा गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में भी बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना है। इसके अलावा ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, विदर्भ, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, रायलसीमा, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और शेष पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, दिल्ली और हरियाणा में भी हल्की बारिश की संभावना है।