दिल्ली-NCR में बदला मौसम, आज शाम फिर हो सकती है बारिश; IMD ने जारी किया आंधी-तूफान का अलर्ट
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम तेजी से बदल रहा है। सुबह से तेज धूप निकलने के बाद दोपहर तक आसमान में बादल छा गए और तेज हवा चल रही है। इससे गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग ने एनसीआर में मंगलवार के लिए भी हल्की बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ बिजली कड़कने की भी संभावना है।
कैसी रहेगी अप्रैल की शुरुआत?
मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल महीने की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते 3 और 4 अप्रैल को राजधानी में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन आसमान में बादल मंडराते रह सकते हैं। दो तीन दिन से लगातार तेज धूप निकलने की वजह से दोपहर में काफी ज्यादा गर्मी बनी हुई है। दोपहर में लोग धूप व गर्मी से बचाव का प्रयास करते दिख रहे हैं।
रविवार को भी दिनभर धूप तपाती रही थी। जिसकी वजह से तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई थी। दोपहर में लोगों को काफी ज्यादा गर्मी का एहसास हो रहा था। वहीं सोमवार को भी सुबह से दोपहर तक काफी तेज धूप रही। जिससे दोपहर तक गर्मी ज्यादा महसूस हो रही थी। दोपहर बाद आसमान में घने बादल घिर आए। साथ ही तेज हवा चलनी शुरू हो गई। शाम को वर्षा होने के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिल सकी।
