‘हमें सही मायने में 2014 में आजादी मिली है’, भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत का बयान

‘हमें सही मायने में 2014 में आजादी मिली है’, भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत का बयान

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए चौथे फेज की वोटिंग 13 मई 2024 को हो रही है। इस फेज में विभिन्न राज्यों की कुल 96 सीटों पर वोटिंग हो रही है। हालांकि, वोटिंग से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने फिर कुछ ऐसा बयान दिया है जिसपर विवाद खड़ा हो सकता है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में कंगना ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा है कि सही मायने में 2014 में हमें आजादी मिली है, हमें स्वतंत्रता मिली है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

क्या बोलीं कंगना?

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने मुगलों की गुलामी देखी, उसके बाद अंग्रेजों की गुलामी देखी और फिर कांग्रेस का कुशासन देखा लेकिन सही मायने में 2014 में हमें आजादी मिली है, हमें स्वतंत्रता मिली है। सोचने की स्वतंत्रता, सनातन की स्वतंत्रता, अपना धर्म बनाने की स्वतंत्रता, इस देश को हिंदू-राष्ट्र बनाने की स्वतंत्रता।

कांग्रेस का कार्टून चंद्रमा पर आलू उगाना चाहता है

भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने राज्य के बजौरा में सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कहा कहा कि कांग्रेस का कार्टून चंद्रमा पर आलू उगाना चाहता है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री की गोद में बैठता है। जब उसे बताया गया कि यह लोकतंत्र का मंदिर है और यहां पर इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है तो वह चले जाता है। उनकी बचकानी हरकतों को कौन भूल सकता है।

हिमाचल में कब हैं चुनाव?

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की कुल 4 सीटें हैं। इन सभी सीटों पर एक साथ लोकसभा चुनाव के 7वें और आखिरी चरण में 1 जून को मतदान होंगे। इसके बाद 4 जून को देश की सभी सीटों के साथ इन सीटों के भी परिणाम जारी किए जाएंगे। मंडी सीट से कांग्रेस ने कंगना के खिलाफ विक्रमादित्य सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे