हमें अपनी संस्कृति के संरक्षण की जरूरत: उपाध्याय

सहारनपुर [24CN]। शोभित विश्वविद्यालय की विरासत यूनिवर्सिटी हैरिटेज रिसर्च सैंटर के समन्वयक राजीव उपाध्याय यायावर ने कहा कि हमें अपने इतिहास व संस्कृति के संरक्षण व संवद्र्धन के लिए आगे आना चाहिए।

डा. राजीव उपाध्याय यायावर आज जेवी जैन कालेज के पुस्तकालय सभागार में भूगोल विभाग द्वारा आयोजित अतिथि व्याख्यान को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुरा क्षेत्रों को बचाने के लिए युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। शासन-प्रशासन को इस विषय में जागरूक होना होगा। हमारी पुरा सम्पदा धीरे-धीरे नष्ट होती जा रही है जिसमें सहारनपुर नगर के इतिहास के विषय में भी उन्होंने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहारनपुर नगर में पूर्व से वर्तमान तक किस-किस तरह परिवर्तन हुए तथा किस-किस क्षेत्र में सहारनपुर ने उपलब्धि हासिल की।

इससे पूर्व अतिथि व्याख्यान का शुभारम्भ कार्यवाहक प्राचार्य डा. विनोद कुमार व भूगोल विभाग की अध्यक्ष डा. ज्योति सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके किया। इस दौरान डा. शशि नौटियाल, डा. नेहा, डा. मुकेश कुमार, डा. सीमा मिश्रा, डा. पंकज कुमार, डा. हिमानी, डा. संजय कुमार, अजय कुमार, अभिषेक जैन तथा एमए भूगोल के सभी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।