केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर तंज, बोले- सोनिया जी की चिंताएं हम समझ सकते हैं

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर तंज, बोले- सोनिया जी की चिंताएं हम समझ सकते हैं
  • केंद्रीय मंत्री अनुगार ठाकुर ने कांग्रेस के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए तंज कसा है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस गांधी परिवार के बाहर नहीं देखती है। कांग्रेस सिर्फ एक ही परिवार तक सीमित है।

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने परिवारवाद के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा है। दिल्ली में मंगलवार को पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए अनुराग ने कहा, ‘कांग्रेस गांधी परिवार के बाहर नहीं देखती है। गांधी परिवार के सदस्य अपनी कोशिशों के नतीजे देख चुके हैं।’

अनुराग ने कहा कि कांग्रेस का खाता खुल नहीं रहा है, जमानत जब्त हो चुकी है। पहले राहुल जी ने कमान संभाली तो पश्चिम बंगाल में खाता नहीं खुला। यूपी में प्रियंका गांधी ने कमान संभाली, लेकिन जमानत जब्त हो गई और दो ही सीटें जीत पाई। अब एक बार फिर सोनिया गांधी कमान संभालने वाली हैं लेकिन कांग्रेस को लेकर एक ही प्रश्न उठता है कि क्या कांग्रेस एक ही परिवार तक सीमित रहेगी? सोनिया जी की चिंताएं हम समझ सकते हैं क्योंकि वे गांधी परिवार के बाहर नहीं देखती हैं।

नेतृत्व को लेकर कांग्रेस के पास भी जवाब नहीं

गांधी परिवार के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए ठाकुर ने सवाल किया कि कांग्रेस में हो क्या रहा है? क्या कांग्रेस सालों तक बिना नेतृत्व बदले खुद को एक ही परिवार तक सीमित कर देगी? कांग्रेस के पास अपने रहस्य का खुद जवाब नहीं है।

लोगों ने सही नेतृत्व चुना

चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर उन्होंनें कहा कि लोगों ने सही नेतृत्व चुना है। जिसकी वजह से देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। नेतृत्व ने वैक्सीन की 180 करोड़ खुराक सुनिश्चित की है। दो साल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया है।

सोनिया गांधी का भाजपा पर हमला

इससे पहले, मंगलवार सुबह सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस संसदीय दल के दौरान सोनिया ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी देश में “विभाजनकारी एजेंडा” चला रही है। सभी राज्यों में इतिहास के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। एजेंडे को पूरा करने के लिए भाजपा जबरन इतिहास के साथ छेड़छाड़ कर रही है।