हम महानगर में रहने वाले दस लाख लोगों के प्रति जवाबदेह: महापौर

हम महानगर में रहने वाले दस लाख लोगों के प्रति जवाबदेह: महापौर
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते महापौर डॉ. अजय कुमार।

सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार का कहना है कि हम महानगर में रहने वाले दस लाख लोगों के प्रति जवाबदेह हैं। हमारा प्रयास है कि हम निगम क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को पेयजल, सडक़, सफाई, पथ प्रकाश आदि मूलभूत सुविधाएं श्रेष्ठता के साथ उपलब्ध कराएं। इसके लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। निगम क्षेत्र में शामिल हुए 32 गांवों में ये सुविधाएं पहुंचाने के लिए भी हम संकल्पित हैं।

उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद गत दो वर्षो में नगर निगम ने जनता को सुविधाएं देने के लिए अनेक ठोस कदम उठाएं हैं।   महापौर डॉ. अजय कुमार आज यहां अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गत दो वर्ष में महानगर में सडक़ व नाला निर्माण के 615 कार्य पूर्ण कराये गए हैं और 57 पर कार्य चल रहा है। सडक़ पर पैच मरम्मत के लिए एक पोट हॉल मशीन खरीदी गयी है। सीमए ग्रिड के सम्बंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि फेज-1 के अंतर्गत डीएम कार्यालय से हकीकत नगर होते हुए सिविल कोर्ट तक 90.80 करोड की लागत से सडक़ निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

दूसरे फेज में डी एम कार्यालय से जैन डिग्री कॉलेज होते हुए मोहन पाण्डेय अस्पताल दिल्ली रोड तक सडक़ का निर्माण कार्य 38.17 करोड़ से कराया जाना प्रस्तावित है। जबकि तीसरे फेज में अम्बाला रोड फायर ब्रिगेड स्टेशन से अम्बेडकर स्टेडियम होते हुए रोडवेज बस स्टैण्ड की सडक़ प्रस्तावित है। उन्होंने निगम द्वारा संचालित माँ शाकुंभरी कान्हा उपवन गोशाला के उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि निगम गौशाला विश्व की प्रथम एवं इकलौती गोशाला है, जो अधिकतम गो उत्पाद निर्माण के लिए ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’ से सम्मानित हुई है। गौशाला को आईएसओ 9001ध्2015 प्रमाण पत्र भी प्राप्त हो चुका है। नगर निगम सहारनपुर प्रदेश का प्रथम नगर निगम है जिसकी गोशाला में गोबर निर्मित प्राकृतिक पेंट यूनिट की स्थापना की गई है।

उन्होंने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन उठान, सफाई तथा नाला सफाई आदि के लिए अनेक वाहन व उपकरण खरीदे गए हैं। शहर की प्रकाश व्यवस्था के सम्बंध में उन्होंने बताया कि महानगर के सभी 70 वार्डो में साढ़े 12 मीटर ऊंचाई की 79 हाई मास्ट लाइट लगायी गयी है और 80 हजार मीटर थ्री फेस वायर बिछाने का कार्य किया गया है।  पत्रकार वार्ता के दौरान नगरायुक्त शिपू गिरि सहित निगम के सभी विभागों के अधिकारी व उपसभापति, पार्षद मुकेश गक्खड़ मौजूद रहे।