नालों का पानी सीधे पांवधोई में न डाला जाए नगरायुक्त

- सहारनपुर में नदी की सफाई करती पौकलेन मशीन व निरीक्षण करते नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह।
सहारनपुर [24CN] । नगर निगम द्वारा आज को पांवधोई नदी की दोनों पटरियों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत धोबीघाट से नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने की। इस दौरान धोबीघाट पर पांवधोई नदी की भी सफाई की गयी। नगरायुक्त ने धोबीघाट पर बने ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के सभी नाले नालियों का पानी शत प्रतिशत ट्रीटमेंट होकर नदी में जाए इसके लिए सहायक नगरायुक्त को कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र ने आज को पांवधोई की दोनों पटरियों पर सफाई अभियान की शुरुआत की। सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, सहायक नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. कुणाल जैन व मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर के अलावा पार्षद भूरासिंह प्रजापति, पार्षद नंदकिशोर शर्मा, पार्षद टिंकू अरोड़ा व पार्षद प्रतिनिधि नितिन गुप्ता आदि भी साथ रहे। अभियान के दौरान दोनों पटरियों पर साफ सफाई के अलावा चूना, एंटीलार्वा व सैनेटाईजर छिड़काव भी किया गया।
इस दौरान धोबीघाट पर पांवधोई नदी में भी पोकलैन मशीन व सफाई कर्मी उतार कर कचरा बाहर निकाला गया और चूना छिड़काव किया गया। नदी व नाले किनारे खड़े पेड़ों की भी कटाई-छंटाई की गयी। नगरायुक्त ने चिलकाना रोड की ओर से आ रहे नाले का पानी सीधा नदी में गिरते देखा तो तुरंत महाप्रबंधक जलकल व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों का पानी बिना उपचार किये नदी में न डाला जाएं। उन्होंने कहा कि तब तक नदी साफ नहीं हो सकती जब तक नाले- नालियों का पानी नदी में सीधे गिरता रहेगा।
उन्होंने कहा कि पांवधोई इस शहर की जीवन रेखा है। उन्होंने आस पास क्षेत्र के लोगों से भी उन्होंने सफाई के संबंध में जानकारी ली। नगरायुक्त ने धोबीघाट पर बने 5.5 एमएलडी के ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। जलकल महाप्रबंधक मनोज आर्य ने बताया कि पंम्पिंग स्टेशन पर सभी उपकरण चालू हैं लेकिन रात्रि शिफ्ट में ऑपरेटर न होने के कारण सम्प भर जाता है,तीनों शिफ्टो में इंटरमीडिएट पंम्पिंग स्टेशन (आईपीएस) चलना आवश्यक है। लेकिन पार्षद भूरासिंह प्रजापति व पार्षद नंदकिशोर शर्मा ने नगरायुक्त को बताया कि ट्रीटमेंट प्लांट ठीक से काम नहीं कर रहा है। पार्षद टिंकू अरोड़ा व पार्षद प्रतिनिधि नितिन गुप्ता से भी उन्होंने जानकारी ली। सफाई अभियान के दौरान विपिन गुप्ता एडवोकेट, आईटीसी सुनहरा कल उमंग के मयंक पाण्डेय, शादाब तथा फोर्स के मौ.अर्श, तबरेज व नरेश आदि शामिल रहे।