रासेयो शिविर में दूसरे दिन स्वयंसेवकों ने चलाया सफाई अभियान
- सहारनपुर में सहारनपुर में ग्राम बालपुर में सफाई अभियान चलाते स्वयंसेवक।
सहारनपुर। प्रमुख शिक्षण संस्था जेवी जैन इण्टर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के चिलकाना रोड स्थित गाँव बालपुर के प्राथमिक विद्यालय में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन आज स्वयंसेवकों ने प्राथमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मन्दिर, गाँव की सड़कों-गलियों में झाड़ू लगाकर और सफाई कर श्रमदान किया। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता का सन्देश दिया।
कार्यक्रम अधिकारी प्रदर्शन जैन ने स्वयंसेवकों को स्वच्छता की महत्ता व आवश्यकता बताते हुए कहा कि शास्त्रों में लिखा है कि जिसका घर साफ सुथरा रहता है, लक्ष्मी भी वहीं वास करती है। इसका अर्थ यही है कि हमे अपने घर की निरन्तर साफ सफाई रखनी चाहिए। फिर मोहल्ले, कॉलोनी और अपने नगर की सफाई पर ध्यान देना चाहिए। अपने घर का कूड़ा मोहल्ले में नहीं फैलाना चाहिए, बल्कि उसे घर से इक्कठ्ठा कर वहां डालना चाहिए जहां नगर निगम ने कूड़ा डालने के केंद्र बना रखे हैं।
उन्होंने कहा कि गंदगी से अनेक बिमारियां फैलती हैं। गंदे मैले कुचौले कपड़े पहनने वाले के पास कोई नही बैठना चाहता। सभी साफ सुथरे लोगो से संपर्क करना चाहते हैं। लेकिन हमारे देश में सफाई के प्रति जागरूकता नही है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में। पहले हमें खुद सफाईपसन्द बनना होगा। सभी स्वयंसेवकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनने की शपथ दिलाई गई। स्वयंसेवकों ने गाँव की सड़कों पर श्रमदान करते हुए झाड़ू लगाई और नालियों की सफाई की, कूड़ा उठाकर फेंका।
स्वयंसेवकों ने प्राथमिक विद्यालय में क्यारियों का निर्माण भी किया जिनमें शिविर के दौरान ही वृक्षारोपण किया जाएगा। कार्यक्रम में मौ सुहेल, आमिर, प्रिया वर्मा, इलमा, नेहा, शबाना रहबर, इसराना, रिया, ऋषिका माहेश्वरी, रीतू सहित सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
