14 सितम्बर को मंडलायुक्त कार्यालय पर आयोजित होगी विशाल महापंचायत: वर्मा
- सहारनपुर में भाकियू वर्मा की बैठक को सम्बोधित करते राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा।
देवबंद [24CN]। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा शासनकाल में किसान भारी आर्थिक संकट से गुजर रह हैं और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास किसानों की समस्या हल करने का समय नहीं है।
भगतसिंह वर्मा आज यहां कस्बा देवबंद में किसानों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक गन्ना उत्पादन करने वाले उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों पर सबसे अधिक कर्ज हो गया है। गन्न किसानों की मेहनत से प्रदेश सरकार को भारी लाभ हो रहा है। जबकि प्रदेश के किसान एक-एक रूपए के लिए मोहताब हैं। उन पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है जिसके लिए प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार से गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल घोषित करने, पिछले वर्ष का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान व उस पर लगा ब्याज चीनी मिलों से दिलाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते गन्ने की लागत बढ़ती जा रही है। उस हिसाब से गन्ने का रेट नहीं बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि कृषि प्रधान राज्य उत्तर प्रदेश के किसानों की उन्नति के लिए मनरेगा योजना को खेती से जोड़कर किसानों को मजदूर उपलब्ध कराने, अग्निपथ योजना को रद्द करने, प्रदेश के सभी हाइवे पर लगा टोल टैक्स समाप्त करने, आम जनता के लिए आधे रेट पर बिजली दिलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी व युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा, भारतीय किसान यूनियन वर्मा, गन्ना किसान बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक चौ. बख्तावर सिंह की अध्यक्षता में आगामी 14 सितम्बर को मंडलायुक्त कार्यालय पर जुलूस निकालकर विशाल महापंचायत भी की जाएगी। बैठक को चौ. शिवपाल गुर्जर, मौ. वसीम, मौ. अफजाल, मौ. कामिल, मौ. आरिफ, मौ. जावेद, राव मुस्तकीम, आसिफ, परवेज, तबरेज आलम, अदनान, दिलशाद, मौ. वारिश, फैजान, एहतेशाम, फुरकान, महबूब हसन आदि ने भी सम्बोधित किया।
