shobhit University Gangoh
 

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई विद्यालय परिसर में टंकी नहीं बनाए जाने की गुहार

सहारनपुर [24CN]। थाना चिलकाना क्षेत्रांतर्गत गांव दुमझेड़ी के प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में पेयजल की टंकी बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर पेयजल टंकी को अन्यत्र स्थान पर बनाए जाने की मांग की।

सरसावा विकास खंड के गांव दुमझेड़ी के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि गांव दुमझेड़ी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में जल निगम द्वारा टंकी का निर्माण कराना सुनिश्चित हुआ है। जबकि इस विद्यालय में लगभग 500 छात्र पढ़ते हैं तथा विद्यालय प्रांगण में ही तीन आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं जिनमें पढऩे वाले बच्चों की संख्या लगभग 250 है। स्कूल में बच्चों के खेलने के लिए जगह की आवश्यकता होती है जो पेयजल टंकी बनने पर स्वत: समाप्त हो जाएगी। उनका कहना था कि पेयजल टंकी का निर्माण उच्च प्राथमिक विद्यालय व आंगनवाड़ी केंद्र के मध्य किया जा रहा है जब पानी का ओवरफ्लो होगा तो बच्चों को शिक्षा में बाधा आएगी।

ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय में आने वाले समय में छात्र-छात्राओं की संख्या अधिक होने पर अतिरिक्त कक्ष बनाने की आवश्यकता होगी तो इसके लिए पर्याप्त भूमि नहीं बचेगी। इसके अलावा टंकी निर्माण के बाद टंकी संचालन करने वाले कर्मचारियों का विद्यालय परिसर में आवागमन रहेगा जिससे विद्यालय का वातावरण एवं अनुशासन खराब होगा। इसलिए इस टंकी का निर्माण विद्यालय परिसर में बराया जाना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पेयजल टंकी के निर्माण पर रोक लगाकार उसका निर्माण अन्यत्र कराए जाने की मांग की।

Jamia Tibbia