ग्राम पंचायत अधिकारी के घर विजिलेंस टीम का छापा, साकेत कॉलोनी में मचा हड़कंप
- सहारनपुर में छापे के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी के घर के सामने खड़ी पुलिस।
सहारनपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित साकेत कॉलोनी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विजिलेंस टीमों ने एक ग्राम पंचायत अधिकारी के आवास पर अचानक छापेमारी की कार्रवाई की। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई कथित अनियमितताओं एवं आय से अधिक संपत्ति की शिकायतों के आधार पर की गई है।
बताया जा रहा है कि सुबह टीम ने मौके पर पहुंचकर घर के मुख्य द्वार को बंद कर अंदर जांच प्रक्रिया शुरू की। छापेमारी के दौरान दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्ति से जुड़े कागजात तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की गई। टीम के साथ स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। आसपास के लोगों के अनुसार कार्रवाई कई घंटों तक चली। अधिकारियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, लैपटॉप, मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेजों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर अभी तक जब्ती या बरामदगी को लेकर कोई स्पष्ट बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि संबंधित अधिकारी के विरुद्ध पूर्व में भी वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनकी जांच के क्रम में यह छापा मारा गया। विजिलेंस विभाग के अधिकारी पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
