मुठभेड़ में शातिर गौकश गिरफ्तार, साथी फरार

मुठभेड़ में शातिर गौकश गिरफ्तार, साथी फरार
  • सहारनपुर में गागलहेड़ी पुलिस द्वारा मुठभेड़ में घायलावस्था में पकड़ा गया बदमाश।

गागलहेड़ी [24CN]। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने गौतस्करों के साथ हुई मुठभेड़ में एक गौतस्कर को घायलावस्था में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध असलाह, गौकशी के उपकरण, एक जिंदा गौवंश व एक स्कूटी बरामद कर ली।

मिली जानकारी के थाना गागलहेड़ी पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव चौरा खुर्द के पास गन्ने के खेत में कुख्यात गौकश शमशाद अपने एक साथी के साथ गौकशी करने जा रहा है। जिस पर थाना गागलहेड़ी प्रभारी सूबेसिंह के नेतृत्व में पुलिस ने गांव चौरा खुर्द के जंगल में बताए गए गन्ने के खेत की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते हुए शमशाद व उसके साथी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। गौतस्करों द्वारा चलाई गोली से आरक्षी उत्तम राठी घायल हो गया। पुलिस ने गौतस्करों द्वारा की गई फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया। पुलिस व गौतस्करों के बीच हुई फायरिंग में गौतस्कर शमशाद पुत्र शहजाद निवासी हरौड़ा थाना गागलहेड़ी घायल हो गया। जबकि उसका अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए गौतस्कर शमशाद व आरक्षी उत्तम राठी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर, 3 जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक जिंदा गौवंश, गौकशी के उपकरण व स्कूटी संख्या यूपी-11बीजेड-6816 बरामद कर लिया।

एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दबोचा गया आरोपी शमशाद शातिर किस्म का अपराधी है जिसके खिलाफ गौकशी, पशुक्रूरता, गैंगस्टर, हत्या आदि के एक दर्जन से भी अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि शातिर गौकश को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी आकाश तोमर द्वारा 25 हजार रूपए का नकद इनाम भी दिया गया है।