कांग्रेस के दिग्गज नेता आरिफ अकील का निधन, कमलनाथ सरकार में बने थे मंत्री

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ और दिग्गज नेता आरिफ अकील का निधन हो गया। सोमवार सुबह उन्होंने भोपाल के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बता दें कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
6 बार के विधायक रह चुके आरिफ
1990 में आरिफ पहली बार विधायक बने थे। भोपाल की उत्तर विधानसभा सीट से आरिफ 6 बार के विधायक रह चुके हैं। वहीं, दो बार मध्य प्रदेश सरकार (पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सरकार) में मंत्री के पद पर भी बने रहे। उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण, जेल और खाद्य विभाग सौंपा गया था। हालांकि, खराब सेहत रहने की वजह से आरिफ अकील ने 2023 में भोपाल उत्तर विधानसभा सीट से अपने बेटे आतिफ अकील को टिकट दिलवाया। वर्तमान में आतिफ भोपाल उत्तर से विधायक हैं।
भोपाल में चल रहा था इलाज
72 साल आरिफ बीते दिनों हृदय रोग से परेशान चल रहे थे। इलाज के लिए वह भोपाल के अपोलो सेज अस्पताल में भर्ती हुए थे। रविवार रात को उन्हें सीने में दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। बता दें कि उनका अस्पताल में ही निधन हुआ।