सहारनपुर मुजफ्फरनगर एमएलसी सीट चुनाव में वंदना वर्मा विजयी, भाजपाइयों ने मनाया जश्न

सहारनपुर मुजफ्फरनगर एमएलसी सीट चुनाव में वंदना वर्मा विजयी, भाजपाइयों ने मनाया जश्न
  • सहारनपुर में भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा को प्रमाण पत्र सौंपते जिला निर्वाचन अधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। एमएलसी चुनाव में सहारनपुर मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा की वंदना वर्मा ने जीत हासिल की है। वंदना वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी को 212 मतों से पराजित कर दिया।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्थानीय प्राधिकारी सीट पर विगत 9 अप्रैल को सम्पन्न कराए गए मतदान में कुल 2396 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद कर दिया था। इस सीट पर भाजपा की वंदना वर्मा, सपा के मौहम्मद आरिफ के अलावा, निर्दलीय सुशील कुमार शर्मा, प्रमोद आर्य व मौहम्मद जाहिद हसन चुनाव मैदान में डटे हुए थे। आज जेवी जैन कालेज में हुई मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा ने 3843 मत हासिल कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मौहम्मद आरिफ को 212 मतों से हरा दिया।

सपा प्रत्याशी मौहम्मद आरिफ को 842 मत प्राप्त हुए हैं। एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा के जीतने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई तथा पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। मुजफ्फरनगर सहारनपुर विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा की ऐतिहासिक जीत के बाद दिल्ली रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।

इस दौरान सभी विधायक राजीव गुम्बर, मुकेश चौधरी, बृजेश रावत, राजीव गुम्बर, देवेंद्र निम, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, नगराध्यक्ष राकेश जैन के अलावा भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विजयी प्रत्याशी वंदना वर्मा को को फूल मालाएं पहनाकर बुके देकर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायकों कपिल अग्रवाल, देवेंद्र निम, राजीव गुंबर, चौ. कीरत सिंह ने कहा कि यह भाजपा की जीत नहीं अपितु पूरे प्रदेश की जीत है और हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने इन को टिकट देकर एमएलसी बनवाने का कार्य किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।