देश में अपराध के मामले में पहले नम्बर पर है उत्तर प्रदेश: इमरान
- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस के पदाधिकारी।
सहारनपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में विनोद उपाध्याय को पुलिस द्वारा कथित मुठभेड़ में मार दिया गय। यह मुठभेड़ व्यक्तिगत कुंठा और राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित है जो योगी सरकार के एक जाति विशेष विरोधी चेहरे को उजागर करती है। उन्होंने इस घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
पूर्व विधायक इमरान मसूद आज यहां गुरूद्वारा रोड स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बात आईने की तरह साफ है कि गोरखपुर के रहने वाले विनोद उपाध्याय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुराने विरोधी रहे हैं। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद विनोद उपाध्याय पर शिकंजा कसता गया और क्रमश: उन पर इनामी धनराशि भी मामले को गम्भीर दिखाने के लिए बढ़ाई गई है। उन्होंने इस मुठभेड़ को राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बतात ेहुए घटना की न्यायिक जांच की मांग की। जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली गुर्जर ने कहा कि पूरा उत्तर प्रदेश अपराध की आग में जल रहा है। अपराधी बेखौफ होकर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।
वर्ष 2023 एनसीआरबी रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश महिलाओं के प्रति अपराधों के मामले में पहले स्थान पर है। इसी रिपोर्ट के अनुसार पूरे देश में होने वाले अपराधों में 15 प्रतिशत अपराध उत्तर प्रदेश में होते हैं। पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विगत 2 नवम्बर को आईआईटी बीचएचयू की छात्रा को तीन लड़कों द्वारा जबरन गन प्वाइंट पर नग्न अवस्था में वीडियो बनाया गया तथा दुष्कर्म किया गया।
3 नवम्बर को ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने बता दिया था कि इस घटना में भाजपा के लोगों का हाथ है। इस पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। पांच नवम्बर को सीसीटीवी फुटेज द्वारा लड़कों की पहचान कर ली गई। आठ नवम्बर को पीडि़तों द्वारा भी उनकी पहचान कर ली गई। आरोपियों की पुष्टि होने के बावजूद भाजपा द्वारा उन्हें मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के प्रचार में भेज दिया गया। वार्ता के दौरान प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, जिला उपाध्यक्ष स. चंद्रजीत सिंह निक्कू भी मौजूद रहे।
