यति नरसिंहानंद के बयान पर हंगामा, देशभर में प्रदर्शन, 1,400 से ज्यादा लोगों पर FIR दर्ज

यति नरसिंहानंद के बयान पर हंगामा, देशभर में प्रदर्शन, 1,400 से ज्यादा लोगों पर FIR दर्ज

गाजियाबाद: डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद गिरि के विवादित बयान के बाद देश के कई हिस्सों में हंगामा मच गया है। गाजियाबाद से लेकर महाराष्ट्र तक कई जगहों पर प्रदर्शन हुए, जिसके चलते पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। गाजियाबाद में 200 से अधिक लोगों पर केस दर्ज किया गया है और 7 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं।

महाराष्ट्र के अमरावती में स्थिति बेकाबू हो गई, जब शुक्रवार रात नागपुरी गेट पुलिस थाने के बाहर सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने पथराव और तोड़फोड़ की। इस घटना में 21 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और पुलिस के 10 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। अमरावती पुलिस ने 1,200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से 26 की पहचान कर ली गई है। महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

गाजियाबाद में पुलिस की कार्रवाई

गाजियाबाद के कैलाभट्ठा इलाके में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित नेता रवि गौतम ने यति नरसिंहानंद के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने भी देवी मंदिर पहुंचकर इसे आस्था पर हमला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। वर्तमान में मंदिर के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पीएसी के जवान भी तैनात हैं, ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।

सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट और शिष्यों का बयान

यति नरसिंहानंद के विवादित बयान के बाद उनके शिष्यों ने भी सोशल मीडिया पर विवादित वीडियो पोस्ट किए, जिसमें वे धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले बयान देते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। वेव सिटी थाने में एसआई भानुप्रकाश की शिकायत पर अनिल यादव उर्फ छोटा नरसिंहानंद, यति रणसिंहानंद गिरि, यति रामस्वरूपानंद और यति निर्भयानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

देशभर में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने विवादित बयान और पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।


विडियों समाचार