यूपी पुलिस कर रही फर्जी एनकाउंटर… सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव का भाजपा सरकार पर हमला

यूपी पुलिस कर रही फर्जी एनकाउंटर… सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव का भाजपा सरकार पर हमला

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में पुलिस द्वारा लगातार फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। सभी अपराधियों के पैर में ही गोली मारी जा रही है। देश की विदेश नीति भी फेल साबित हो रही है। अमेरिका द्वारा भारत पर भारी टैरिफ लगाया गया लेकिन पीएम मोदी चुप हैं। यह बातें सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने बरनाहल क्षेत्र के गांव नगला हरलाल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहीं।

भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार पर हमलावर हुए रामगोपाल यादव

प्रोफेसर रामगोपाल यादव सोमवार को गांव नगला हरलाल में पीडीए कार्यालय का उद्घाटन करने आए थे। फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने भाजपा की प्रदेश व देश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चीन की नीतियों पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी अखरने वाली है। नेताजी मुलायम सिंह ने बहुत पहले कहा था हमें खतरा पाकिस्तान से नहीं चीन से है। हाल में ही पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में भी चीन द्वारा पाकिस्तान की मदद करने से यह बात सामने आ गई है। आजादी से लेकर आज तक इतनी भ्रष्ट कोई सरकार नहीं आई है।

अगले विधानसभा चुनाव के लिए कही ये बात

उत्तर प्रदेश की जनता सरकार बदलने के लिए प्रतिबद्ध है 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। प्रदेश में किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। किसानों की फसलें प्रभावित हो रही है। इस मौके पर पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, ब्लाक प्रमुख नीरज यादव, संतोष यादव, रजंती शाक्य, कर्मवीर शाक्य, रमन यादव, अनी यादव, विकास यादव, शालू आदि मौजूद रहे।