गंगोह से किया जाएगा यूपी जोड़ो पदयात्रा का शुभारम्भ

गंगोह से किया जाएगा यूपी जोड़ो पदयात्रा का शुभारम्भ
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस पदयात्रा मीडिया कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डा. सी. पी. राय।

सहारनपुर। कांग्रेस पदयात्रा मीडिया कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डा. सी. पी. राय ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाली यूपी जोड़ो पदयात्रा का शुभारम्भ कल (आज) गंगोह से किया जाएगा। इ

ससे पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अजय राय सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। कांग्रेस पदयात्रा मीडिया कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डा. सी. पी. राय आज यहां गुरूद्वारा रोड स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रस्तावित परिवर्तन यात्रा 20 दिसम्बर को सहारनपुर से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बरेली, सुलतानपुर, लखीमपुर खीरी आदि जनपदों से होते हुए सीतापुर पहुंचकर सम्पन्न होगी।

उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय द्वारा किया जाएगा। उन्होंने केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा की गलत नीतियों से जनता त्रस्त है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार द्वारा देश को लगातार कर्ज में डुबोने का काम किया जा रहा है। भाजपा सरकारों के पास ऐसा कोई नीति या विजन नहीं है जिससे जनता का भला हो सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है जिसे देश व प्रदेश की जनता भलीभांति समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई भारत जोड़ो पदयात्रा को जनता का ऐतिहासिक समर्थन मिला था। उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निकाली जा रही परिवर्तन यात्रा को भी जनता का पूरा समर्थन मिलेगा तथा आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों का इंडिया महागठबंधन भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चै. मुजफ्फर अली ने बताया कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे।

तत्पश्चात कांग्रेस की पदयात्रा का बेहट कस्बे व सहारनपुर में विजय टाकिज पर वरिष्ठ नेता जावेद साबरी के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया जाएगा। तत्पश्चात पदयात्रा गंगोह के ईदगाह तिराहे से शुरू होकर कस्बे में भ्रमण करेगी तथा 21 दिसम्बर को देवबंद होते हुए पुरकाजी के लिए रवाना हो जाएगी।

वार्ता के दौरान ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य व वरिष्ठ पत्रकार जावेद साबरी, जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली गुर्जर, महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, वरिष्ठ नेता फिरोज आफताप एडवोकेट, कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष डा. यासमीन राव, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव सोनू पठान, वरिष्ठ नेता काजी शौकत हुसैन, गणेश दत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे