लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए गुरुवार सुबह शुरू हुई मतगणना के रुझान में भाजपा मजबूत बढ़त बनाती दिख रही है। अधिकांश सीटों पर सपा से ही मुकाबला है। बसपा को मजबूती देता रहा बेसवोट भी इस बार भाजपा के पक्ष में जाता दिखाई दे रहा है, जबकि कांग्रेस के सामने पिछले बार की सात सीटों पर जीत का परिणाम दोहराने की भी चुनौती है। पंजाब में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने जा रही आम आदमी पार्टी यूपी में खाता खोलती भी नहीं दिख रही है। भाजपा सरकार दोबारा बनती है तो यह 37 वर्ष बाद पहला मौका होगा, जब कोई पूर्ण बहुमत की सरकार दोबारा लगातार बनेगी। मतगणना के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

इससे अच्छी सरकार नहीं मिल सकती : भाजपा नेता अपर्णा यादव ने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई सबके सभी हैं भाजपाई। भारतीय जनता पार्टी की जीत तुष्टीकरण की राजनीति, जाति के आधार पर राज्य को बांटने वालों के लिए यह जवाब है। हम 10 मार्च को जय श्री राम के साथ सरकार बना रहे हैं। इससे अच्छी सरकार नहीं मिल सकती।

रीता बहुगुणा जोशी बोलीं- जनता ने विकास और शांति व्यवस्था को दिया वोट : प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने यूपी में पार्टी की बढ़त के बाद कहा कि जनता ने विकास और शांति व्यवस्था के लिए वोट दिया है। उत्तर प्रदेश में 30 साल बाद पहली बार लगातार किसी एक पार्टी की सरकार दूसरी बार बनने जा रही है। हमें उम्मीद है कि जब तक गिनती खत्म होगी तब तक हम 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।

बुलडोजर से सामने सब खत्म : मथुरा से बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि पहले से ही पता था कि हमारी सरकार बनेगी। हमने विकास के हर पहलू के लिए काम किया है, यही वजह है कि जनता हम पर भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर के सामने कुछ भी नहीं आ सकता, क्योंकि यह एक मिनट में सब कुछ खत्म कर सकता है, चाहे साइकिल हो या कुछ और।

भाजपा की जीत रामराज्य की शुरुआत : गोरखपुर के सांसद और भाजपा नेता रवि किशन ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत पर मिठाई बांटी। उन्होंने कहा कि मोदी जी की यह शिक्षा कि पार्टी कार्यकर्ताओं, मंत्रियों को हमेशा जमीन पर काम करना चाहिए, हमें यह जीत दिलाई है। यह राम राज्य की शुरुआत है।