UP Election 2022: कांग्रेस का प्रत्याशी बदलने का सिलसिला जारी, कानपुर की खुशी दुबे की मां की जगह बहन को टिकट

UP Election 2022: कांग्रेस का प्रत्याशी बदलने का सिलसिला जारी, कानपुर की खुशी दुबे की मां की जगह बहन को टिकट
  • कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का इरादा उत्तर प्रदेश में करीब तीन दशक से सत्ता का वनवास भोग रही कांग्रेस को मुख्यधारा में लाने का है। तीन नए प्रत्याशियों के नाम की सूची भी जारी की है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा 2022 चुनाव में अकेले ही 403 सीट पर प्रत्याशी मैदान में उतारने वाली कांग्रेस लगातार उम्मीदवार भी बदल रही है। कांग्रेस 403 में से 40 प्रतिशत विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को चुनाव के मैदान में उतारेगी। कांग्रेस ने सोमवार को घोषित प्रत्याशी के नाम में बदलाव करने के साथ मंगलवार को तीन नए प्रत्याशियों के नाम की सूची भी जारी की है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का इरादा उत्तर प्रदेश में करीब तीन दशक से सत्ता का वनवास भोग रही कांग्रेस को मुख्यधारा में लाने का है। इसी कारण उन्होंने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं किया है। कांग्रेस अकेले ही 403 सीट पर प्रत्याशी उतार रही है। इनमें भी 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

कांग्रेस ने मंगलवार को कानपुर के बिकरू कांड के बाद एनकाउंटर में मारे गए अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे की जगह बहन को मैदान में उतारा है। कानपुर के कल्याणपुर से खुशी दुबे की मां गायत्री देवी तिवारी की जगह उनकी बहन बहन नेहा तिवारी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। यहां पर 20 फरवरी को मतदान होना है। नेहा तिवारी ने मंगलवार को नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया है। कल्याणपुर सीट पर कई अन्य राजनीतिक दलों ने भी खुशी दूबे की मां गायत्री तिवारी से चुनाव लडऩे का प्रस्ताव रखा था लेकिन उन्होंने मना कर दिया था।jagran

कानपुर के कल्याणपुर से टिकट बदलने के अलावा कांग्रेस ने पीलीभीत से शकील अहमद नूरी, हरदोई के शाहाबाद से अजीमुशान और हमीरपुर के तिंदवारी से आदिशक्ति दीक्षित को प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले कांग्रेस ने सोमवार को कल्याणपुर के अलावा पांच अन्य सीटों पर प्रत्याशियों का एलान किया था। जिसमें पुरवा से उरुशा राणा, लखनऊ पश्चिम से सहाना सिद्दीकी, लखनऊ मध्य से अजय श्रीवास्तव उर्फ अज्जु, लखनऊ पूर्व से पंकज तिवारी, लंभुआ से विनय विक्रम सिंह को टिकट दिया गया था।