बहराइच। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को हिमालय की तलहटी से देवीपाटन मंडल के बड़े हिस्से को चुनावी संदेश देंगे। विजय शंखनाद रैली को उनके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संबोधित करेंगे। पयागपुर के शिवदहा स्थित रैली स्थल को एसपीजी ने सुरक्षा के मद्देनजर कब्जे में ले लिया है। यहां 13 विधानसभा क्षेत्र की जनता शामिल होगी। अन्य क्षेत्रों में वर्चुअल माध्यम से रैली का प्रसारण होगा। दोपहर दो बजे होने वाली रैली को देखते हुए सेना का विमान एसपीजी को लेकर पहुंच गया है।
टीम ने डाग स्क्वायड, मेटल डिटेक्टर से मंच व आसपास जांच की है। करीब दो लाख की भीड़ उमड़ने की संभावना है। भाजपा रैली में पूरी ताकत झोंक रही है। रैली प्रभारी आगरा महानगर के अध्यक्ष भानू महाजन पूरी व्यवस्था संभाल रहे हैं। करीब 800 बसों के साथ हजारों चारपहिया एवं दोपहिया वाहन लगाए गए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल के साथ जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, दीपक सत्या, हरिश्चंद्र गुप्त, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, चंद्रभान सिंह संचित पूरी व्यवस्था देख रहे हैं। वाहनों के लिए 12 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
बसपा सुप्रीमो इंदिरापुर में करेंगी जनसभाः बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती भी मंगलवार को जनसभा को संबोधित करने पयागपुर के इंदिरापुर आएंगी। वह दोपहर 12.45 बजे जनसभा स्थल पहुंचेंगी। बसपा सुप्रीमो की जनसभा के लिए करीब 25 बीघे में स्थल बनकर तैयार है। बसपा जिलाध्यक्ष अजय गौतम व गीता मिश्र ने बताया कि रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।