बरेली। दूसरे चरण का चुनाव प्रचार बंद होने से पहले जिले की दो प्रमुख विधानसभा सीटों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का होने वाला दौरा बारिश के चलते ऐन वक्त पर निरस्त हो गया। इसके बाद वर्चुअल सभा किए जाने की तैयारी की गई। वही बारिश के चलते पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव का बरेली दौरा भी निरस्त हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बुधवार सुबह 11:30 बजे नवाबगंज और फिर 12:30 बजे बहेड़ी विधानसभा में कार्यक्रम लगा था। स्थानीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियां भी पूरी कर ली थी। बुधवार को सुबह से ही बारिश के चलते मुख्यमंत्री को दौरा स्थगित करना पड़ा। वह लखनऊ से ही नहीं नकल पाए। बाद में बहेड़ी विधानसभा स्थित रामलीला ग्राउंड पर बने टीन शेड में कार्यक्रम किए जाने का प्रयास किया गया। भाजपा के काफी समर्थक भी कार्यक्रम में पहुंच गए लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने के कारण मुख्यमंत्री नहीं पहुंच पाए। इसके बाद बहेड़ी विधानसभा में वर्चुअल बैठक कराने की तैयारी की गई। वहां बड़ी जल्दी स्क्रीन लगाई गई है।
11 फरवरी को बरेली आएंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार 11 फरवरी को बरेली के रबर फैक्ट्री के ग्राउंड से जनता को संबोधित करेंगे। उनके आने का कार्यक्रम भी तय हो गया है। भाजपा पदाधिकारियों ने इसे लेकर व्यापक तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इस सभा में जिले भर के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके अगले दिन यानी 12 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आंवला विधानसभा क्षेत्र में आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उनके आने का कार्यक्रम जारी नहींं हुआ है।