लखनऊ । उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शामिल जिलों में मंगलवार शाम को प्रचार अभियान थम जाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उन जिलों से चुनावी पारा चढ़ाएंगे, जहां दूसरे चरण में मतदान होना है। वह संभल, रामपुर और बदायूं के 15 विधानसभा क्षेत्रों के लिए वर्चुअल रैली करेंगे। वहीं, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर मेरठ में तो मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती गाजियाबाद और बुलंदशहर में पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगी
यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार को थम रहा है। ऐसे में हर दल का प्रयास आखिरी दिन ताकत लगाने की होगी। भाजपा ने इसके लिए ऐसी रणनीति बनाई है कि प्रधानमंत्री मोदी उन जिलों के लिए वर्चुअल रैली करेंगे, जो दूसरे चरण में शामिल हैं, लेकिन क्षेत्र पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ही है। मोदी संभल, रामपुर और बदायूं की 15 विधानसभा क्षेत्रों के लिए जन चौपाल रैली करेंगे। 69 मंडलों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर लोगों को प्रसारण दिखाया जाएगा। रैली का संचालन लखनऊ स्थित वर्चुअल रैली स्टूडियो से किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद से रैली में जुड़ेंगे।
प्रदेश महामंत्री और वर्चुअल रैली प्रभारी अनूप गुप्ता ने बताया कि संभल जिले की चंदौसी, असमौली, संभल और गुन्नौर विधानसभा के सभी मंडलों में स्क्रीन लगाई जाएगी। रामपुर की स्वार, चमरौआ, बिलासपुर, रामपुर और मिलक विधानसभा क्षेत्र, बदायूं जिले की बिसौली, सहसवान, बिल्सी, बदायूं, शेखुपुर और दातागंज विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम का प्रसारण होगा। इन जिलों के 6081 बूथों पर बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख, लाभार्थी और आम जन को टेलीविजन के माध्यम से भी रैली दिखाने की व्यवस्था की गई है। संबंधित जिलों के स्मार्टफोन धारकों को भी जन चौपाल रैली के लिंक भेजे गए हैं।
वहीं, पहले चरण की सीटों के लिए भी पार्टी के बड़े नेता मैदान में रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती सुबह 11 बजे बिजली घर मैदान, सौ फुटा रोड गाजियाबाद में लोनी विधानसभा के मतदाताओं के साथ संवाद करेंगी। दोपहर 12 बजे से घर-घर जनसंपर्क करेंगी। दोपहर 2.30 बजे डायमंड वाटिका औरंगाबाद, बुलंदशहर में अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता संवाद करेंगी। तीन बजे से वह घर-घर संपर्क करेंगी, जबकि शाम 4.15 बजे पप्पू सिंह का बाड़ा, धरमपुर, बुलंदशहर में डिबाई विधानसभा के मतदाताओं से रूबरू होंगी। इसी तरह केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अनुराग ठाकुर मेरठ प्रवास पर रहेंगे। वह मनसा देवी मंदिर से भोलेश्वर मंदिर नई सड़क तक जनसंपर्क करेंगे। वहां पत्रकारवार्ता भी करेंगे।
तीन जिलों में होंगी प्रियंका गांधी वाड्रा : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी पश्चिम और ब्रज के तीन जिलों को मथने के लिए मैदान में उतरेंगी। वह सुबह हस्तिनापुर के मवाना में घर-घर जनसंपर्क करेंगी। दोपहर में मथुरा में यमुना पूजन के साथ जनसंपर्क करेंगी। उसके बाद आगरा की खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कागारौल कस्बे में वह घर-घर संपर्क कर पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगी।