लखनऊ। समाजवादी विजय यात्रा के जरिए अपने मतदाताओं को एकजुट कर रहे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव एक बार फिर मंगलवार को पूर्वांचल की धरती पर हुंकार भरेंगे। उनकी दो दिवसीय विजय रथ यात्रा मंगलवार 14 दिसंबर को जौनपुर जाएगी। अखिलेश यादव की यहां धर्मापुर में एक जनसभा होगी। उनकी विजय यात्रा जौनपुर से धर्मापुर होकर केराकत जाएगी।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इन दिनों समाजवादी विजय यात्रा निकाल रहे हैं। इसकी शुरुआत 12 अक्टूबर को कानपुर से हुई थी। यह यात्रा कानपुर से हमीरपुर गई थी। इस यात्रा के जरिए अखिलेश कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन व हमीरपुर जिले को मथा था। एक से तीन दिसंबर को उनकी रथ यात्रा बुंदेलखंड में बांदा से महोबा, ललितपुर व झांसी में निकल चुकी है। अखिलेश का विजय रथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए गाजीपुर से लखनऊ तक आ चुका है। अब छठे चरण की विजय रथ यात्रा के जरिए 14 व 15 दिसंबर को अखिलेश जौनपुर जा रहे हैं।
पूर्वांचल का अपना किला मजबूत करने में जुटे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार दूसरी पार्टी के बड़े नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को भी सपा अध्यक्ष ने गोरखपुर के कद्दावर नेता हरिशंकर तिवारी के बेटे विनय शंकर तिवारी व भीष्म शंकर तिवारी को अपनी पार्टी में शामिल कराया। विनय इस समय चिल्लूपार सीट से विधायक हैं। उनके साथ विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पाण्डेय भी साइकिल पर सवार हुए हैं।
विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा कर रही षड्यंत्र : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पांच साल की विफलताओं को छिपाने और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सरकार नए-नए तिकड़म और षड्यंत्र रच रही है। भाजपा सरकार झूठ बोलकर झूठे विज्ञापनों के जरिए ईमानदारी का ढोल पीट रही है। भाजपा सरकार से आज हर वर्ग परेशान है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सरकार पुलिस के जरिए लोगों पर अत्याचार करा रही है। सच बोलने वाले लोगों को सरकार झूठे मुकदमों में फंसा कर परेशान कर रही है। भाजपा जनता को डरा कर शासन करना चाहती है। आज खाद के लिए किसान लाइन में लगा है। सरकार ने समय पर खाद का इंतजाम नहीं किया।