UP विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सभी सीट पर लड़ने की घोषणा करने के बाद प्रियंका गांधी बीमार, ससुराल में कार्यक्रम स्थगित

UP विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सभी सीट पर लड़ने की घोषणा करने के बाद प्रियंका गांधी बीमार, ससुराल में कार्यक्रम स्थगित
  • कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का सोमवार को अपनी ससुराल मुरादाबाद में कार्यक्रम था। वह चौथी बार अपनी ससुराल आ रही थीं लेकिन उनका आगमन स्थगित हो गया। उनको करीब 14-15 जिलों के नेता व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी थी।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जोरदार तैयारी के साथ उतरने की योजना बना चुकी कांग्रेस के कुछ बड़े अभियान की गति मंद होगी। इनमें कुछ कार्यक्रम अब धीमे पड़ेंगे। बुलंदशहर में रविवार को उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीट पर अकेले चुनाव लडऩे की घोषणा करने वाली पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को तेज वायरल बुखार है। कांग्रेस की ओर से जानकारी दी गई है कि अब वह कुछ दिन आराम करेंगी।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का सोमवार को अपनी ससुराल मुरादाबाद में कार्यक्रम था। वह चौथी बार अपनी ससुराल आ रही थीं, लेकिन उनका आगमन स्थगित हो गया। उनको करीब 14-15 जिलों के नेता व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी थी। पीतलनगरी में इसके साथ ही उनको जनसभा को भी संबोधित करना था। इसी बीच कांग्रेस की तरफ से एक संदेश वहां पहुंचा। खेद के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि तेज वायरल बुखार होने के चलते प्रियंका गांधी वाड्रा आज मुरादाबाद के कांग्रेस पदाधिकारी सम्मेलन में पहुंचने में असमर्थ हैं। कल हल्का बुखार होने के बावजूद वह बुलंदशहर सम्मेलन में पहुंची थीं। उनके आगे के कार्यक्रम की सूचना बाद में दी जाएगी। मुरादाबाद में आज पदाधिकारी सम्मेलन को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जी एवं अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। प्रियंका गांधी जी ठीक होते ही मुरादाबाद में अपने कार्यक्रम की घोषणा करेंगी।

रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि अभी तक किसी दल से गठबंधन का इरादा नहीं है। कांग्रेस ने अपने दम पर ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह तय है कि इस बार बिना उनके प्रदेश में किसी की भी सरकार नहीं बननी है। उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की किताब को लेकर उठे विवाद को भाजपा की चाल बताया। इसके साथ ही साथ उसमें छपी बातों को उनके निजी विचार बताया। स्वतंत्रता को लेकर कंगना रनौत के विवादित बयान पर उन्होंने कंगना को ही पहचानने से इन्कार कर दिया। देश की आजादी को कांग्रेस के त्याग व आंदोलन की देन भी बताया

मुरादाबाद में कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन लक्ष्य 2022 रामलीला मैदान में हो रहा है। इसमें पश्चिमी उत्तर के बरेली, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल के बारह जिलों में कांग्रेस के ग्राम पंचायत अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्ष तक के पदाधिकारियों से सीधा संवाद करने के लिए सोमवार को प्रियंका वाड्रा मुरादाबाद आना था। सम्मेलन में जिला कार्यकारिणी, नगर कार्यकारिणी और महानगर कार्यकारिणी के सदस्य भी मौजूद हैं। बुलंदशहर में प्रियंका वाड्रा के पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन में फैली अफरातफरी के बाद मुरादाबाद में पंडाल में प्रदेशाध्यक्ष ने कई आंतरिक बदलाव कराए। रविवार को बुलंदशहर में कांग्रेस पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन हुआ है, वहां तमाम लोग ज़बरदस्ती पंडाल के अंदर घुस आए। प्रियंका गांधी की सुरक्षा में हुई चूक के मद्देनजर पंडाल को लेकर बेहद गंभीरता बरती जा रही है। बेरीकेडिंग की व्यवस्था में बदलाव कराया गया है।

चौथी बार ससुराल आतीं प्रियंका

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की ससुराल भी मुरादाबाद के वाड्रा परिवार में है। वह इससे पहले तीन बार मुरादाबाद आ चुकी हैं। वह सोमवार को चौथी बार मुरादाबाद आ रहीं थी, लेकिन तबीयत खराब हो गई।

प्रियंका गांधी वाड्रा का अब 17 को चित्रकूट में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होना भी तय नहीं है। उनका चित्रकूट के रामघाट पर महिलाओं से संवाद का कार्यक्रम है। उनका भगवान श्रीराम की तपोभूमि से महिला संवाद की शुरुआत का कार्यक्रम है।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे