अज्ञात हमलावरों ने नगर पंचायत कर्मचारी पर किया हमला, घायल

- सहारनपुर में बदमाशों के हमले में घायल नगर पंचायत कर्मचारी।
तीतरो [24CN]। तीतरो नगर पंचायत में बीती रात ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला करके उसे घायल कर दिया तथा गोली मारकर हत्या करने का भी प्रयास किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कर्मचारी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। मिली जानकारी के अनुसार थाना व कस्बा तीतरों में स्थित नगर पंचायत कार्यालय पर बीती रात्रि कर्मचारी फैसल ड्यूटी पर तैनात था। बताया जाता है कि इस दौरान अज्ञात हमलावर दीवार फांदकर नगर पंचायत कार्यालय में घुस गए तथा फैसल पर चाकुओं से हमला कर दिया।
बताया जाता है कि इस दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी व अन्य कर्मचारी भी पंचायत भवन में आराम कर रहे थे। इस दौरान फैसल की चीख पुकार सुनकर जब वे मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर फैसल गोली मारकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नगर पंचायत कर्मचारी फैसल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। समाचार लिखे जाने तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।