केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी, अज्ञात नंबर से आया था कॉल

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी, अज्ञात नंबर से आया था कॉल

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को शुक्रवार को एक अनजान नंबर से जान से मारने की धमकी दी गई. यह धमकी फोन कॉल और WhatsApp मैसेज के जरिए दी गई थी. इस घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. जानकारी के मुताबिक, यह धमकी उनके पर्सनल असिस्टेंट विश्वेंद्र शाह को भी मिली. यानी धमकी देने वाला सीधे मंत्री तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था और उनके करीबी लोगों को भी निशाना बना रहा था.

कौन है आरोपी?

जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला व्यक्ति पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है, जिसका नाम इस्माइल बताया जा रहा है. सबसे चिंता की बात यह है कि आरोपी के पास मंत्री के आधिकारिक दौरे (टूर प्लान) की जानकारी भी मौजूद थी. इससे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है. साथ ही पश्चिम बंगाल पुलिस भी इस मामले की जांच में सहयोग कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास मंत्री के दौरे की जानकारी कैसे पहुंची और उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है.

जयंत चौधरी कौन हैं?

जयंत चौधरी एक प्रमुख भारतीय राजनेता हैं. वह इस समय केंद्र सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के पद पर कार्यरत हैं. इसके अलावा, वे राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं. राष्ट्रीय लोक दल एक क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी है, जिसका खास प्रभाव उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में है, खासकर किसानों के बीच.

किसानों को लेकर क्या बोले जयंत चौधरी?

हाल ही में जयंत चौधरी ने किसानों को लेकर महत्वपूर्ण बातें कही हैं. उन्होंने कहा कि किसानों को आगे बढ़ने के लिए संगठित तरीके से काम करना होगा. उनका मानना है कि किसान अगर किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) से जुड़ते हैं, तो वे अपने उत्पाद को बेहतर बाजार तक पहुंचा सकते हैं और ज्यादा मुनाफा कमा सकते हैं.


Leave a Reply