shobhit University Gangoh
 

आम जनता के लिए केंद्रीय बजट निराशाजनक

सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री द्वारा पेश किया गया आम बजट निराशाजनक है क्योंकि आम बजट में किसान, मजदूर, युवा व छात्रों की अनदेखी की गई है। इस बजट से केवल पूंजीपतियों व धनाढ्य वर्ग को ही लाभ पहुंचेगा। सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन आज यहां अम्बाला रोड स्थित जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ आम बजट पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आम बजट में किसानों को कुछ नहीं दिया गया है। जबकि भाजपा हमेशा कहती थी कि वह किसानों की आय दोगुना करेगी परंतु इस बजट में किसानों को कोई भी राहत नहीं मिली है। ऐसे में किसानों की आय दोगुनी कैसे होगी। उन्होंने कहा कि बजट में देश के युवा वर्ग की भी पूरी तरह उपेक्षा की गई है। हमारे युवा जो पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके लिए काम व रोजगार के लिए इस बजट में कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आम बजट में स्टील, सोना, कॉपर आदि पर कस्टम ड्यूटी घटाने से ये चीजें सस्ती होंगी परंतु जब गरीब आदमी के पास दो वक्त की रोटी नहीं है तो उन्हें सोना, स्टील, कॉपर आदि पर कस्टम ड्यूटी पर छूट का कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आम आयकर दाता को टैक्स में कोई राहत नहीं दी गई है। जबकि सरकार ने एयरपोर्ट, सड़कें, बिजली, ट्रांसमिशन लाईन, रेलवे के डेडीकेटेड फ्रेट कोरिडोर के हिस्से व वेयरहाऊस बेचने का प्रावधान किया गया है। इससे केवल पूंजीपतियों को ही फायदा मिलेगा। आम आदमी को इस आम बजट से केवल निराशा ही हुई है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, सतीश बिड़वी, वेदपाल पटनी, आकाश पंवार, राजेश सैनी बड़कला, हसीन कुरैशी समेत भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Jamia Tibbia